
मेरठ सांसद की कालोनी में होने लगा पलायन
मेरठ। मेरठ के प्रहलाद नगर कालोनी में पलायन का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि अब हिन्दू बाहुल्य शास्त्रीनगर जैसी पाॅश कालोनी में भी अराजकतत्वों के कारण लोग पलायन के लिए मजबूर हो गए हैं। लोगों ने अपने घरों के बाहर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर चिपका दिए हैं।
यह हाल तब है जब पीडितों से चंद कदम की दूरी पर ही भाजपा सांसद राजेन्द्र अग्रवाल रहते हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष भी इसी शास्त्रीनगर कालोनी में निवास करते हैं। इसके बाद भी यहां के लोग छेड़छाड़ से परेशान होकर पलायन की बात कह रहे हैं। पीड़ित महिला नीरज पुंडीर ने बताया कि उनका और उनके परिवार की लड़कियों का बाहर निकलना मुश्किल किया हुआ है।
उन्होंने बताया कि आसपास के कुछ मकानों को दूसरे समुदाय के लोगों ने खरीद लिया है। इन लोगों के यहां अराजकतत्वों का आना जाना है। वे तेज बाइक से हॉर्न बजाते हुए उनके घर के सामने से निकलते हैं। तेज आवाज में अश्लील गाने बजाये जाते हैं। मना करने पर लड़ाई पर उतर आते हैं। इसकी शिकायत कई बार थाने में की जा चुकी हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित महिला का आरोप है कि हम लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। पहले ये लोग एक दो मकानों में ही सीमित थे। लेकिन अब इनके पंद्रह-बीस घर हो गए हैं। जिसके कारण इनके यहां अराजक किस्म के युवकों का आना जाना लगा रहता है। आरोप है कि लड़कियां अगर घर से बाहर खड़ी होती हैं तो उन पर छीटाकशी की जाती हैं। आए दिन चेन तोड़ ली जाती है। वे कई बार इसकी शिकायत कर चुकी हैं। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। इसलिए वे अपना मकान बेचकर यहां से जाना चाहती हैं। एसपी सिटी डॉ ए.एन सिंह का कहना है कि इस तरह के मामले की सूचना तो मिली है कि कोई परिवार पलायन करने की बात कर रहा है। इस संबंध में पूर्ण जानकारी के लिए थानाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी गई है। उधर, शास्त्रीनगर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। अगर ऐसा कुछ है तो इस पर जरूर ध्यान दिया जाएगा।
Published on:
20 Jul 2019 05:14 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
