
बकरीद की नमाज सड़क पर अदा की तो दर्ज होगी एफआईआर
Eid Ul Ajha : मेरठ में ईद उल अजहा की नमाज सड़क पर अदा जाने केा लेकर मस्जिदों में पोस्टर चस्पा किए गए हैं। जिसके मुताबिक अगर ईद उल अजहा की नमाज सड़क पर अदा की जाएगी तो संबंधित व्यक्ति और समूहों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसको लेकर शहर से लेकर देहात तक थाना स्तर पर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने फुट मार्च किया। शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए एडीजी मेरठ जोन राजीव सब्बरवाल, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी पीयूष कुमार द्वारा बडी संख्या में पुलिस बल के साथ फुट मार्च निकाला गया।
अधिकारियों का फुट मार्च बेगमपुल से प्रारंभ होकर सोतीगंज, जलीकोठी, केसरगंज, ईदगाह चौराहा होते हुए घंटाघर पर खत्म हुआ। शाही ईदगाह दिल्ली रोड पर डीएम दीपक मीणा ने ईद की नमाज और उसकी तैयारियो के संबंध में भी जानकारी ली। डीएम ने कहा कि ईद-उल-अजहा प्रेम और भाईचारे का त्यौहार है। उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति यह त्यौहार परस्पर भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाया जाए। कुर्बानी घर के अंदर करें, सडक व सार्वजनिक स्थानों पर न हो। कुर्बानी के अवशेष इधर-उधर न रखा जाए।
डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। शहर काजी ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया कि ईद का त्यौहार शांतिपूर्वक मनाया जाएगा। शहर काजी ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की है कि वो ईद की नमाज मस्जिदों के भीतर ही अदा करें।
प्रशासन ने ईद की नमाज के लिए शाही ईदगाह के अलावा फैज ए आम में भी व्यवस्था की है। अधिक भीड़ होने पर अकीदतमंद बकरीद की नमाज दूसरी मस्जिदों में भी अदा कर सकते हैं। मेरठ में ईद को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। थानेदारों को गश्त करने के साथ ही नमाज के दौरान क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं।
Published on:
28 Jun 2023 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
