
मेरठ। पहले तो मेरठ में सड़कों और घरों में ही हत्याएं हो रही थी लेकिन अब स्कूल में पढने वाले छात्र भी सुरक्षित नहीं रहे। स्कूल में घुसकर छात्रों को खुलेआम गोली मारी जा रही है। मेरठ के दिल्ली रोड स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को स्कूल परिसर के भीतर गोली मार दी गई। गोली मारने के बाद हत्यारे आराम से हथियार लहराते हुए फरार हो गए। जिस स्कूल में यह घटना हुई उस स्कूल के चंद कदम की दूरी पर सपा के पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर और सपा के ही पूर्व विधायक और स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य गुलाम मोहम्मद का आवास है और वहां पर 24 घंटे डायल 100 की गाड़ी खड़ी रहती है।
फैज-ए-आम इंटर कालेज का मामला
देहली गेट थाना क्षेत्र के फैज़ ए आम इंटर कॉलेज की पार्किंग में उस समय हड़कंप मच गया जब कक्षा 9 के एक छात्र को संदिग्ध हालात में गोली मार दी गई। घटना में घायल छात्र की हालत गंभीर बनी है। जानकारी के मुताबिक लिसाड़ी गेट विकासपुरी निवासी अदनान (14) पुत्र शकील फैज़ ए आम इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है।
स्कूल की पार्किंग में चलार्इ गोली
अदनान के अनुसार सोमवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे वह स्कूल की पार्किंग में खड़ी अपनी साइकिल निकाल रहा था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ एक गोली उसके सीधे कंधे में धंसती हुई पेट में घुस गई। गोली लगते ही खून से लथपथ लहूलुहान अदनान जमीन पर गिर गया। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल का स्टाफ और साथी छात्र घायल अदनान को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे केएमसी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि अदनान के पिता की काफी समय पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार की मुखिया अदनान की मां किसी प्रकार मेहनत मजदूरी करके बच्चों का पेट पाल रही है। परिजनों ने किसी रंजिश से इंकार करते हुए अज्ञात के खिलाफ हमले की तहरीर दी है। एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। गोली कहां से चलाई गई इस विषय में जानकारी कर हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवार्इ की जाएगी।
Published on:
14 May 2018, 7:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.