
मेरठ। मेरठ जनपद में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने मेरठ को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। कंटेनमेंट घोषित करने के बाद पूरा मेरठ शहर ही हॉटस्पॉट बन गया है। पूरे शहर को बंद कर दिया गया है। सोमवार को 14 और कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद कुल संख्या 156 हो गई है।
सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि रविवार को एक दिन में ही एक नवजात समेत 25 कोरोना संक्रमित लोगों की पुष्टि होने के बाद मेरठ को कंटेनमेंट घोषित कर दिया गया। रविवार को एक संक्रमित की मौत भी हुई थी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेज की माइक्रोबायलॉजी लैब में रविवार को 238 नमूनों की जांच की गई थी। जिनमें 25 संक्रमित पाए गये। उन्होंने बताया कि 25 में से नई मंडी के 12 आढ़तियों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
डीएम अनिल ढींगरा ने मेरठ को कंटेंमेंट जोन घोषित किये जाने के बाद सोमवार से खुलने वाले कार्यालयों को अगले आदेश तक बन्द रखने के निर्देश दिये हैं। साथ ही लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने को कहा है। वहीं, सोमवार को 14 और नए कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद से स्थिति और बेहद खतरनाक हो गई है। उन्होंने बताया कि अब लॉकडाउन का पालन काफी कठोरता से किया जाएगा। जो भी इसका पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला नोडल अधिकारी डा. विश्वास चौधरी ने बताया कि जो भी लोग संक्रमित पाए गए हैं, मंडी के आढ़ती हैं। संक्रमित पाए गए लोगों के संपर्कों को खंगाला जा रहा है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे कहां-कहां गए थे और उनके संपर्क में और कितने लोग आए थे।
Published on:
04 May 2020 05:18 pm

बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
