
शरीयत की तर्ज पर बनी पहली हिन्दू अदालत की जज ने महात्मा गांधी पर दिया विवादित बयान, मच रहा है हड़कंप
मेरठ। मेरठ में फिर से एक विवादित बयान से बवाल मच गया है। इससे विपक्षी राजनैतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। यह बयान दिया है शरीयत की तर्ज पर मेरठ में गठित हुई पहली हिंदू अदालत की पहली जज डा. पूजा शकुन पांडेय ने। डा. पूजा शकुन पांडेय ने कहा कि मैं गर्व से कहती हूं कि अगर नाथू राम गोडसे से पहले मैं पैदा होती तो मैं ही महात्मा गांधी को मार देती।
गांधी आैर गोडसे को लेकर कही यह बात
यही नहीं उन्हाेंने कहा कि अगर आज भी कोई गांधी पैदा होगा और देश को बांटने की बात करेगा तो ऐसे गांधी का वध करने के लिए फिर से नाथू राम गोडसे भी पैदा होगा। इसके अलावा पूजा ने कहा, उन्हें गर्व है कि वह और उनका संगठन अखिल भारत हिंदू महासभा नाथू राम गोडसे की पूजा करते हैं। पूजा के इस बयान से समूचे भारत में हड़कंप मच गया है। हालांकि अखिल भारतीय हिंदू महासभा द्वारा हिंदू कोर्ट गठित करने का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट ने हिंदू कोर्ट के गठन करने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सम्मन जारी किया है। वहीं मेरठ जिले के हिंदू महासभा के अध्यक्ष ने अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि गांधी जी ने देश को बांटने का काम किया है। पूजा जी ने जो बयान दिया है वह कही भी गलत नहीं है।
कर्इ वर्षों से जुड़ी हैं संगठन से
गौरतलब है कि मेरठ में देश की पहली हिंदू अदालत स्थापित करने का दावा अखिल भारत हिंदू महासभा ने किया है। इस अदालत की प्रथम जज की नियुक्ति बीती 15 अगस्त को मेरठ में की गई थी। डा. पूजा शकुन पाण्डेय अलीगढ़ की रहने वाली हैं। वह कई वर्षों से इस संगठन से जुड़ी हुई हैं। अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि हिंदू अदालतों में जमीन विवाद, मकान और विवाह के मामले आपसी सहमति से सुलझाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी दो अक्टूबर को उन नियमों को सार्वजनिक किया जाएगा जिनके अनुसार हिंदू अदालत काम करेंगी।
Published on:
25 Aug 2018, 10:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.