मेरठ। अब लॉकडाउन के दौरान गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मई के तीसरे सप्ताह में गुरुवार को जिले का तापमान 42 डिग्री रिकार्ड किया गया। मेरठ में बीते दो दिन से हो रही तेज गर्मी के बाद पहली बार इतना तापमान पहुंचा है। इससे पहले 15 मई को भी पारा 40 तक जा पहुंचा था, लेकिन बारिश और आंधी के बाद पारा फिर से 36 तक पहुंच गया था। गुरुवार को सुबह से ही धूप की तेजी रही। सुपर लॉकडाउन के बीच धूप ने सड़कों पर और सन्नाटा कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले छह दिन में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।