मेरठ। मेरठ शहर के जिस जली कोठी कोरोना हॉटस्पॉट में संक्रमित मरीज मिलने के बाद सील करने पहुंची पुलिस टीम पर यहां के लोगों ने पथराव किया था, वहां चोरी-छिपे दावत चल रही थी। जिला प्रशासन को यहां दावत चलने का पता चला तो देहली गेट थाना प्रभारी को फोन किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद एडीएम सिटी ने यहां छापा मारा तो यहां भगदड़ मच गई। लोग अफसरों और पुलिस टीम को देखकर दीवार कूदकर फरार हो गए। छापे में मुख्य आरोपी यूसुफ बादशाह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ थाना देहली गेट में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी अजय साहनी ने इस लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर जांच बैठा दी है।