
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
मेरठ के दौराला इलाके में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां तीन युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। तीनों ने एक ही सरकारी ठेके से देशी शराब खरीदी थी। और साथ बैठकर पी थी। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन घबराकर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ऐसी घटना हुई। जिसने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सरस्वती कॉलोनी के रहने वाले बाबूराम का बेटा सचिन अपने साथ काम करने वाले दो लोगों—जितेंद्र (45) और दौलत (25)—के साथ अक्सर समय बिताता था। शुक्रवार को भी तीनों ने पास के एक सरकारी देशी शराब के ठेके से शराब खरीदी और वहीं बैठकर पी।
शाम करीब साढ़े सात बजे तीनों अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन घर पहुंचते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद तीनों बेहोश हो गए। यह देख परिजन घबरा गए। तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन हालत इतनी गंभीर थी कि एक-एक कर तीनों ने दम तोड़ दिया। इस खबर के फैलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद परिजनों ने हंगामा भी किया। शराब बेचने वालों पर गंभीर आरोप लगाए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। डीएम, एसएसपी और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पहले अस्पताल में डॉक्टरों से जानकारी ली गई। फिर उस शराब के ठेके पर छापा मारा गया। जहां से शराब खरीदी गई थी। मौके से शराब के खाली पैकेट और कई पेटियां जब्त की गईं। पुलिस ने दुकान के सेल्समैन समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।
पुलिस का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि मौत शराब की वजह से हुई है। या किसी अन्य कारण से। फिलहाल मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तीनों की मौत ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
Updated on:
04 Apr 2026 08:11 am
Published on:
04 Apr 2026 08:10 am
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
