22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब 55 मिनट में तय होगा 82KM का सफर, नमो भारत और मेट्रो से मिलेगी रफ्तार, यहां जानें किराया…

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली-मेरठ के बीच 82 किमी लंबे नमो भारत कॉरिडोर और मेरठ की पहली मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। जानें कितना रहेगा किराया...

2 min read
Google source verification

मेरठ

image

Namrata Tiwary

image

Namrata Tiwary

Feb 22, 2026

namo bharat and metro

नमो भारत और मेरठ मेट्रो (Photo source - ANI)

UP News: मेरठ के निवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। करीब सात साल का लंबा इंतजार रविवार को समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक के 82.15 किमी लंबे हाई-स्पीड कॉरिडोर को जनता को समर्पित करेंगे। यह कॉरिडोर न केवल मेरठ की रफ्तार बढ़ाएगा बल्कि दिल्ली-मेरठ के बीच के आर्थिक और सामाजिक संबंधों को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए शताब्दीनगर और मेरठ साउथ जैसे प्रमुख स्टेशनों को फूलों और विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया है।

एक ही पटरी पर दौड़ेंगी मेट्रो और नमो भारत

इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि एक ही ट्रैक पर नमो भारत (RRTS) और मेरठ मेट्रो दोनों का संचालन होगा। 82.15 किमी लंबे इस पूरे कॉरिडोर में से 55 किमी का हिस्सा पहले से ही चालू था लेकिन अब सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (23 किमी) के शेष खंड भी शुरू हो जाएंगे। मेरठ में चलने वाली यह मेट्रो भारत की सबसे तेज चलने वाली मेट्रो होगी। इसकी गति 120 किमी प्रति घंटा तक होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत लगभग 30,274 करोड़ रुपये है। इसमें 70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत मार्ग शामिल है।

किराया और स्टेशनों का पूरा विवरण

दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक के पूरे 82 किमी सफर के लिए यात्रियों को लगभग 213 रुपये चुकाने होंगे। मेरठ मेट्रो के रूट पर कुल 13 स्टेशन होंगे, जिनमें मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दीनगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डोरली, मेरठ उत्तर, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो शामिल हैं। इनमें से चार स्टेशन - मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम ऐसे हब होंगे जहां यात्री नमो भारत और मेट्रो दोनों सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। स्टेशनों पर विशेष आइलैंड प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं जहां बीच में रैपिड रेल और किनारों पर मेट्रो मिलेगी।

पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11:00 बजे गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह मोहकमपुर स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे जहां सीएम योगी उनका स्वागत करेंगे। दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद दोनों नेता मेरठ साउथ स्टेशन तक ट्रेन में सफर भी करेंगे। दोपहर 1:00 बजे मोहिउद्दीनपुर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है जहां प्रधानमंत्री कई अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। दोपहर 2:10 बजे पीएम वापस हिंडन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे।

जरूरी जानकारी

हालांकि उद्घाटन आज हो रहा है लेकिन आम यात्रियों के लिए सेवाएं संभवतः 23 फरवरी से शुरू होंगी। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर मेरठ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी, एटीएस और यूपी पुलिस ने जनसभा स्थल को छावनी में तब्दील कर दिया है। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। शताब्दीनगर से मोहिउद्दीनपुर के बीच सभी पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे। साथ ही वीआईपी सुरक्षा के चलते आज सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मेरठ साउथ से मोदीनगर के बीच ट्रेनों का संचालन और पार्किंग बंद रहेगी।