
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में मेरठ की युवती के साथ शर्मनाक घटना
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में मेरठ की एक युवती के साथ अपहरण का दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती को बनारस में सात महीने तक बंधक बनाकर रखा गया, लेकिन इसकी जानकारी वहां की पुलिस को भी नहीं हो पाई। आरोपी युवती का अपहरण कर लेकर गया था और वह होटल बदल-बदलकर युवती को बंधक बनाकर रखता था। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस गंभीरता से इसकी जांच कर रही है। पीड़िता की तहरीर पर एसपी सिटी के निर्देश पर मेरठ के परतापुर थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
लिफ्ट देने के बहाने कार में बिठाया
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि वह सात माह पहले परतापुर क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि एक युवक ने उसे लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया। इसके बाद परतापुर थाना क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी उसका अपहरण कर बनारस ले गया।
बनारस में कर्इ होटलों में बंधक बनाया
युवती का आरोप है कि वहां सभी उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। साथ ही उसकी वीडियो भी बना ली। जब वह विरोध करती तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दी। युवक ने बनारस में युवती को कई होटलों में सात महीने तक बंधक बनाकर रखा। युवक उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन मौका मिलते ही युवती किसी तरह वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। सोमवार को पीड़िता परिजनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची और अधिकारियों से पूरे मामले की शिकायत की। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने पीड़िता को परतापुर थाने भेज दिया।
युवती के परिजनों ने हंगामा किया
एसपी सिटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी अर्जुन निवासी बड़ा हसनपुर थाना किठौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवती का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपी युवक बनारस में बताया जा रहा है, जिसे पुलिस जल्द गिरफ्तार करेगी। परतापुर थाने में युवती के परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने कहा कि वह पहले भी लिसाड़ी गेट पुलिस से शिकायत कर चुके थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस नेताओं के दबाव में काम नहीं कर रही है और आरोपी युवक को बचाने की कोशिश की जा रही है।
Published on:
18 Jul 2018 07:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
