
मेरठ। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण लॉकडाउन चल रहा है। जिससे लोगों को अपनी इच्छाएं मारकर घर में ही रहना पड़ रहा है। लॉकडाउन को ताक पर रखकर सड़क पर निकलना टीवी कलाकार को भारी पड़ गया। पुलिस ने न केेवल इसका चालान काटा बल्कि उससे माफी भी मंगवाई। इस टीवी कलाकार को पुलिस से पीछा छुड़ाना भारी पड़ गया। इस बारे में जब एसपी सिटी डा. एएन सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। फिर चाहे वीआईपी हो या फिर कोई कलाकार। इस समय सब बराबर हैं।
मेरठ के मोहनपुरी निवासी आशीष टीवी कलाकार हैं। वह टीवी शो क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया, यह रिश्ता क्या कहलाता है जैसे टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं। देशभर में लॉकडाउन के चलते आशीष भी मुंबई से अपने घर आया हुआ है। आशीष ने बताया कि उसकी बहन गर्भवती है। उसने गुरुवार को छोले-भटूरे खाने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद वह अपनी बहन की इच्छा पूरी करने के लिए लॉकडाउन को दरकिनार कर स्कूटी से छोले-भटूरे की तलाश में निकल गया।
आशीष छोले-भटूरे लेकर जब वापस लौट रहा था तो उसे कमिश्नरी चौराहे पर पुलिस ने पकड़ लिया। इस दौरान आशीष ने कई बार अपना परिचय देकर पुलिसवालों के सामने छोडऩे की बात कही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने एक नहीं सुनी। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आशीष की स्कूटी का चालान काट दिया। इसके बाद भी पुलिसकर्मियों ने टीवी स्टार को खड़ा रखा। जैसे तैसे माफी मांगकर टीवी स्टार अपने घर वापस लौटा।
Published on:
16 Apr 2020, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.