
मेरठ। कोरोना के मरीजों की संख्या को देखते हुए मेरठ को रेड जोन में शामिल किया गया है। निरंतर कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। अभी तक मेरठ जनपद में 68 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा 13 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा जा चुका है। अभी भी 106 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना की चेन तोडऩे की कोशिशें लगातार जारी है। पॉजिटिव आए जमातियों के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
सुबह रोज की तरह आठ बजे दुकानें खुलीं और लोागें ने जरूरत का सामान राशन और सब्जी आदि की खरीदारी की। लॉकडाउन का पालन कराने के लिये पुलिस तैनात रही। जनपद के सील किए गए हॉटस्पॉट में भी जरूरत का सामान जिम्मेदारों की मदद से घरों पर ही उपलब्ध कराया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए शहर के वैशाली मैदान में सदर सब्जी मंडी शिफ्ट करने के बाद भी मंडी नहीं लगी।
एडीजी प्रशांत कुमार बिना यूनिफॉर्म सदर सब्जी मंडी सामान लेने पहुंच गए और सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए राशन भी खरीदा। बता दें कि मेरठ, नोएडा और गजियाबाद में केसों को मिलना जारी है। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि मेरठ को रेड जोन में शामिल किया गया है, जिसके बाद यहां पर और सख्ती की जाएगी।
Published on:
16 Apr 2020, 4:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.