मेरठ। मेरठ-हापुड़ लोकसभा में मतदान के लिए बुधवार को विक्टोरिया पार्क से पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हो गर्इ हैं। इसके लिए विक्टोरिया पार्क में ही पोलिंग पार्टियों के लिए यातायात की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों के लिए करीब सात सौ बसों और छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई। इनमें पोलिंग पार्टियां बैठकर अपने मतदान केंद्र की ओर रवाना हुर्इ। विक्टोरिया पार्क में बसों को खड़ा किया गया आैर वहीं से पार्टियों को ड्यूटी देकर रवाना किया गया। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विक्टोरिया पार्क को विधानसभा सेक्टर में बांटा गया था। मेरठ की हर विधानसभा के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए। बता दें कि मेरठ में सात विधानसभाएं मेरठ शहर, मेरठ दक्षिण, मेरठ कैंट, किठौर, हस्तिनापुर, सिवालखास और सरधना आती हैं। इसी तरह से विक्टोरिया पार्क को भी सात सेक्टर में विभक्त किया गया है। इन सातों विधानसभाओं में आने वाले पोलिंग बूथ के लिए पार्टियों की ड्यूटी लगाई गर्इ। सुबह से मतदान अधिकारी विक्टोरिया पार्क पहुंचने शुरू हो गए। यहां से चुनाव सामग्री लेकर 1198 मतदान स्थल पर पहुंचने का क्रम शुरू हुआ। जिले की सात विधानसभा सीटों पर 2,740 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 10,940 मतदान अधिकारियों को तैनात किया गया है। विक्टोरिया पार्क में बुधवार सुबह से चुनाव कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर पहुंचना शुरू हो गए थे। विक्टोरियां पार्क में लगे कर्मचारियों ने उनको चुनाव सामग्री उपलब्ध करानी शुरू की। इस दौरान डीएम से लेकर अन्य सभी अधिकारी भी वहां मौजूद हैं, जिससे तय समय पर पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थल के लिए रवाना किया जा सके। सभी अधिकारियों को समय का ध्यान रखते हुए व्यवस्था बनाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कहा कि हर हालत में चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी अपने तय समय पर ड्यूटी पर पहुंच जाएं।