
शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू, इस बार होगी ये खास व्यवस्थाएं
मेरठ। नौ अगस्त सावन शिवरात्रि के मौके पर कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियों को लेकर पहली बैठक की है। इसमें जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने आगामी शिवरात्रि कांवड़ यात्रा को सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभाग की कार्ययोजना तैयार कर कांवड़ मार्गों पर की जाने वाली विभागीय व्यवस्थाओं को जल्द पूरी करें। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा है कि वे सीआे पुलिस के साथ अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर सभी कांवड़ मार्गों की दशा व स्थिति का आंकलन कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
डायवर्जन वाले मार्गों का चिन्हीकरण
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन में कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं के सम्बंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दिए हैं कि जिन मार्गों पर रूटों का डायवर्जन किया जाना है उनको चिन्हित करें, ताकि आमजन को उसकी जानकारी हो सके, साथ ही मार्गों पर संकेतक भी लगाएं। उन्होंने एमडीए अधिकारियों से कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले कटों को पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी जर्जर तारों को शीघ्र बदलवाएं तथा कांवड़ कैंपों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन देने से पहले सुरक्षा मनकों का पूर्ण ध्यान रखें।
कावड़ यात्रा में यह होगी सुरक्षा
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद को 22 जोन में बांटा गया है, जिसमें 14 जोन शहरी क्षेत्र में तथा आठ जोन ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र के 14 जोन में एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 28 जोनल मजिस्ट्रेट, 62 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित एसीएम अपने अपने क्षेत्र में मजिस्ट्रेट प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के आठ जोन में तीनों तहसीलों के एसडीएम सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 16 जोनल मजिस्ट्रेट व 62 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है, साथ ही शहरी क्षेत्र में 4 जोनल व 40 सेक्टर, ग्रामीण क्षेत्र में 4 जोनल व 11 सैक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गये है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर बचत भवन में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा तथा विद्युत विभाग अपना कन्ट्रोल रूम स्थापित करेगा।
15 तक तैयार हो जाएंगे कांवड़ मार्ग
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीने के पानी व प्रकाश व्यवस्था तथा मोबाइल शौचालय की व्यवस्था शहरी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत विभाग द्वारा करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि कांवड़ मार्ग में जल भराव न हों तथा सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 जुलाई तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराए। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों के किनारे भांग आदि नशीले पेड़ों की कटाई अवश्य कराए।
Published on:
4 Jul 2018, 3:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.