
मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में साथी अभियंताओं का पूर्वांचल तबादला किए जाने से क्षुब्ध पीवीवीएनएल अभियंताओं ने सोमवार यानि 20 सितंबर से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया हैं। जिससे कार्य प्रभावित होंगे। हालांकि इस दौरान उपभोगक्ताओं के बिल जमा होते रहेंगे। सोमवार से शनिवार तक अभियंता पीवीवीएनएल के सभी जोन मुख्यालय पर सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे।
ये है पूरा मामला
बता दें कि अस्थायी बिजली कनेक्शन में हेराफेरी कर विभाग को नुकसान पहुंचाने के आरोप में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर आदि में तैनात रहे तीन अधिशासी अभियंता और आठ सहायक अभियंताओं का तबादला पूर्वांचल में कर दिया गया है। इससे क्षुब्ध होकर उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद् अभियंता संघ पिछले कई दिन से आंशिक कार्य बहिष्कार के साथ ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन कर रहा था। इस बीच संघ और प्रबंधन के बीच हुई दो दौर की बातचीत बेनतीजा रहने से संघ ने सोमवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। सोमवार से शनिवार तक अभियंता पीवीवीएनएल के सभी जोन मुख्यालय पर सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे।
नहीं होगा उपभोक्ताओं का कोई काम
इस दौरान अधिकारियों अपने ऑफिस में नहीं मिलेंगे। जिसके चलते उपभोक्ताओं से संबंधित कोई काम नहीं होगा। इसके साथ ही बड़े फाल्ट होने की दिशा में दी जाने वाली सामग्री नहीं मिलने का खामियाजा भी उपभोक्ताओं को बिजली कट के रूप में भुगतना पड़ सकता है। जोन मुख्यालय पर एक सप्ताह तक प्रदर्शन करने के बाद 27 सितंबर को पीवीवीएनएल के सभी अभियंता ऊर्जा भवन पर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।
BY: KP Tripathi
Published on:
21 Sep 2021, 2:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.