मेरठ. कथा वाचक देवकीनंदन ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद गर्माया मामला अभी शांत होता नहीं दिख रहा है। SC-ST एक्ट में संशोधन के खिलाफ बिगुल फूंकने वाले देवकीनंदन ठाकुर को भीम आर्मी के एक सदस्य द्वारा जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद सवर्ण संरक्षण सभा देवकीनंदन के समर्थन में उतर आई है। सवर्ण संरक्षण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक गहलौत ने कहा कि वायरल वीडियो में जो व्यक्ति अपने आप को भीम आर्मी का सदस्य बताकर देवकीनंदन ठाकुर को मारने की धमकी दे रहा है। उस पर भीम आर्मी की चुप्पी इस बात की ओर इशारा कर रही है कि व्यक्ति भीम आर्मी से जुड़ा हुआ है। अगर वह भीम आर्मी से नहीं जुड़ा तो भीम आर्मी उसकी निंदा करे। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी द्वारा देवकीनन्दन ठाकुर को जान से मारने की धमकी देने वालों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी एक आतंकी संगठन की तरह देश को खोखला कर रहा है, क्योंकि सम्पूर्ण सवर्ण समाज देवकीनन्दन के साथ है। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादित बयानों से देश का माहौल खराब होने की स्थिति पैदा हो सकती है, जिसके चलते धमकी देने वालों पर रासुका लगनी चाहिए।