प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह दशरथपुर के सामने सकौती की ओर से आ रही एक वैगनआर कार और जमातियों से भरे टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ही वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद कार और टेंपो में फंसे जमातियाें के बीच चीख-पुकार से हड़कंप मच गया। जमातियों के घायल होने की सूचना दौराला थाने दी तो थानेदार ने इसकी जानकारी अपने आलाधिकारियों को दी। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से दोनों वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को दौराला सीएचसी पहुंचाया। जहा कैली निवासी खलील (40) को मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद पुलिस ने खलील नामक जमाती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टेंपो में सवार जमातियों में फुरकान, अशरफ, उमर मोहम्मद, अब्दुल गफ्फार, जाकिर, अरशद, असलम, सादिक, ताहिर हसन और दिल्ली निवासी कार सवार मनीष व आदिल को भी गंभीर चोट आई हैं। टेंपो सवार सभी घायल जमाती कैली गांव के हैं। बताया गया कि ये सभी टेंपो में सवार होकर सभी लोग खैरनगर में जमात में जा रहे थे।