
मेरठ. थाना टीपी नगर स्थित मलियाना फाटक फ्लाई ओवर पर रविवार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर फिर से एक ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ कई फीट नीचे गिर गया। घटना का कारण ट्रक चालक को आई नींद की झपकी बताया जा रहा है। इस हादसे के दौरान ट्रक चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली है। हल्की चोट लगने के चलते चालक काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि जिस वक्त ट्रक फ्लाईओवर से नीचे गिरा उस दौरान वहां कोई नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दरअसल, बाईपास की तरफ से सूट से भरा हुआ ट्रक आ रहा था। सुबह करीब 5:20 बजे मलियाना फ्लाईओवर के ऊपर ट्रक ड्राइवर को नींद की झपकी लगी और टीपी नगर की तरफ से एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकराया और फ्लाईओवर के नीचे जा गिरा। गिरते हुए ट्रक से चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई चालक को हल्की चोट आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह होने के कारण किसी प्रकार के जान माल की कोई घटना नहीं हुई। घटना के बाद पुलिस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।
प्रत्यक्षदर्शी शिवम ने बताया कि बाईपास की ओर से सूट से भरा एक ट्रक बागपत रोड के मलियाना फ्लाईओवर पर अचानक बेकाबू हो गया। पुल पर इधर-उधर लहराते हुए ट्रक ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे जा गिरा। ट्रक को गिरते देख कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। तेज धमाके के साथ नीचे गिरे ट्रक से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के चलते क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर आनन-फानन में थाना पुलिस सहित अधिकारी भी मौेके पर पहुंच गए।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई, जिसके बाद पता चला कि ट्रक के नीचे कोई व्यक्ति नहीं दबा है। इससे पुलिस ने राहत की सांस ली। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर से गिरने के बाद ट्रक चालक और ट्रैक्टर चालक को चोंटे आई हैं। दोनों को अस्पताल भिजवा दिया गया है।
Published on:
19 Jul 2020 12:35 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
