Umesh Pal Murder Case: उमेश पाल हत्याकांड में STF ने बड़ी कार्रवाई की है। STF ने माफिया अतीक के बहनोई को हत्याकांड के बाद शूटरों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
उमेश पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद के बहनोई अखलाक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई STF मेरठ यूनिट और प्रयागराज पुलिस ने किया है। अतीक अहमद के बहनोई पर उमेश पाल हत्याकांड के शूटरों को शरण देने और आर्थिक मदद करने का आरोप है।
प्रयागराज पुलिस ने शनिवार देर रात नौचंदी थाने में आमद दर्ज कराई, जिसके बाद अखलाक की गिरफ्तारी के लिए ढवाई नगर इलाके में दबिश दी गई। पुलिस ने जैसे ही अखलाक को पकड़ने के लिए छापा मारा तभी दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इस दौरान प्रयागराज पुलिस ने अखलाक को दबोच लिया, जिसके बाद उसे STF मेरठ यूनिट की मदद से गिरफ्तार कर लिया।
अखलाक ने उमेश पाल हत्याकांड के शूटरों को दी थी पनाह
प्रयागराज पुलिस अखलाक को अपने साथ ले गई है। अतीक अहमद का बहनोई अखलाक मेरठ के सूरजकुंड इलाके में रहता है। प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या करने के बाद माफिया अतीक का बेटा असद, शूटर मुस्लिम गुड्डू और साबिर मेरठ आए थे। बताया जा रहा है कि वे लोग अखलाक के घर पर ही रुके थे।
हालांकि, उमेश पाल हत्याकांड के बाद इस सिलसिले में कई बार अखलाक से पूछताछ करके उसे छोड़ दिया गया था। इस बार पुलिस ने उसे सबूत के साथ गिरफ्तार किया है।
उमेश पाल अपहरण में अतीक को मिली उम्रकैद की सजा
बता दें कि उमेश पाल अपहरण केस में माफिया अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, अतीक के भाई अशरफ अहमद को बरी किया गया है। अब भी सबकी नजर उमेश पाल मर्डर केस पर है।