मौसम विभाग ने इस हफ्ते यूपी का तापमान 30 डिग्री से अधिक जाने की संभावना व्यक्त की है। दिन में तेज धूप से लोगों को गर्मी का अहसास होगा।
मौसम के बदलते ही तापमान बढ़ने लगा है। हालांकि, रविवार को सुबह हाइवे और एक्सप्रेस वे पर कोहरा देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि मेरठ सहित पूरे यूपी में अब तापमान तेजी से बढ़ेगा।
इसका असर अभी से दिखाई देने लगा है। अभी तक जहां 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दिन का तापमान चल रहा था, रविवार को यह 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को लखनऊ का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। तापमान के और अधिक बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : अयोध्या के वृद्धाश्रम में रहने वाली बुजुर्गों की बात सुनकर खड़े हो जाएंगे रौंगटे
उन्होंने बताया कि इस हफ्ते तापमान बढ़ने के साथ आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। इसी के साथ तेज धूप में लोगों को गर्मी का अहसास होगा। दिन का तापमान पूरे सप्ताह 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, रात का तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
तापमान बढ़ने से लोगों ने अब पंखे को धीमी गति पर चलाना शुरू कर दिया है। दिन के समय सर्दी के कपड़े पहनना लोग अब धीरे-धीरे बंद कर रहे हैं। हालांकि अभी सुबह और शाम के समय ठंड बनी है।