मेरठ

मेरठ के हस्तिनापुर में लूट का विरोध करने पर दिनदहाड़े महिला की हत्या, मचा कोहराम

मेरठ के हस्तिनापुर में दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी। मां को लहूलुहान हालत में देखकर बेटा भी बेहोश हो गया।

2 min read
Sep 02, 2023
मेरठ के हस्तिनापुर में लूट का विरोध करने पर दिनदहाड़े महिला की हत्या

मेरठ के हस्तिनापुर के एक गांव में लूट के इरादे से घुसे धारदार हथियारों से लैस बदमाशों ने वृद्ध महिला की हत्या कर दी। वारदात से गांव में कोहराम मच गया। मेरठ के हस्तिनापुर में आज शनिवार को बड़ी वारदात हो गई। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला चांद में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक वृद्ध महिला की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया कि हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव नगला चांद में 70 वर्षीय मुन्नी पत्नी दाऊद अपने बेटे के साथ रहती थी। बेटा मजदूरी करता है। वह रोज की तरह आज सुबह घर से काम के लिए निकल गया था। शाम जब बेटा वापस घर लौटा तो उसकी मां लहूलुहान हालत में पड़ी थी। मां को लहूलुहान देखकर वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद वह चिल्ला-चिल्लाकर रोने लगा। युवक के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

बताया जाता है कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से वृद्ध महिला की हत्या की है। वृद्ध महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। वृद्ध महिला के हत्याकांड की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को लगी तो गांव में हड़कंप मच गया। हत्याकांड की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली और मृतक वृद्ध महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हत्यारोपियों ने महिला के घर में लूट की कोशिश की है। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है। उधर, इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। बता दें थाना हस्तिनापुर क्षेत्र में लूट और हत्याकांड की वारदात लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष है।

Published on:
02 Sept 2023 09:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर