
नहीं रहे यह दिग्गज अभिनेता, सेना की नौकरी छोड़कर बने थे एक्टर
नई दिल्ली। मलयालम फिल्म के मशहूर एक्टर कैप्टन राजू का निधन हो गया। 68 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले अमेरिका की यात्रा करते समय उन्हें स्ट्रोक आया था और मस्कट के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। इसके बाद लगातार उनका इलाज चल रहा था। इनकी मौत से फिल्मी दुनिया में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटा है। कैप्टन राजू ने करीब 500 मलयालम फिल्मों में काम किया और कई तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और हिंदी प्रोजक्ट्स का भी हिस्सा रहे। उन्होंने दो फिल्मों 'मिस्टर पवनई 99.99' और 'इथा ओरू स्नेहागथा' का निर्देशन भी किया था। आखिरी बार वह मलयालम फिल्म 'मास्टरपीस' में नजर आए थे।
1981 में छोड़ दी थी भारतीय सेना
कैप्टन एक्टर बनने से पहले भारतीय सेना के जवान थे। कई सालों तक उन्होंने देश की सेवा की थी। लेकिन, साल 1981 में उन्होंने भारतीय सेना को छोड़ दिया और एक्टिंग में किस्मत आजमाने के लिए केरल आ गए। भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त के बाद 1981 में कैप्टन राजू ने रक्तम फिल्म से अपना करियर शुरू किया था। वह ज्यादातर खलनायक की भूमिका में नजर आए और टीवी धारावाहिकों में उन्होंने चरित्र भूमिकाएं की थी।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले अभिनेता राजू को अमेरिका जाने के दौरान विमान में ही दिल का दौरा भी पड़ा था। उस समय उनकी तबीयत खराब होने के बाद उनके परिजनों के आग्रह पर विमान को आनन-फानन में ओमान के मस्कट में लैंड कराया गया था। बाद में उन्हें इलाज के लिए मस्कट से कोच्चि शिफ्ट किया गया था उस वक्त डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बतलाई थी। इसके बाद से उनका लगातार इलाज चल रहा था।
आपको बता दें कि हाल ही में साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कॉमेडियन कोवाई सेंथिल उर्फ कुमारस्वामी की मौत हुई है। 9 सितंबर कोवाई सेंथिला ने 74 साल की उम्र में कोबांबल्ली में आखिरी सांस ली और वह दुनिया को अलविदा कह गए। इससे पहले सड़क हादसे में भी साउथ के मशहूर एक्टर नंदमुरी हरिकृष्णा की मौत हो गई थी। वे जूनियर एनटीआर के पिता थे।
Published on:
18 Sep 2018, 1:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.