
People reached Electricity office in night (Photo- Patrika)
अंबिकापुर. इन दिनों अंबिकापुर में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 42 डिग्री के करीब बना हुआ है। शरीर को झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती (Power cut) और दर्द दे रहा है। बुधवार की रात करीब 10 बजे अचानक बिना आंधी-पानी के बिजली गुल हो गई। काफी देर बाद भी जब बिजली नहीं आई तो भीषण गर्मी में परेशान लोग आक्रोशित हो गए। और मायापुर बिजली विभाग के दफ्तर पहुंच गए। काफी संख्या में आक्रोशित लोगों को देखकर बिजली विभाग के कर्मचारी दफ्तर छोडक़र भाग निकले।
भीषण गर्मी के बीच अंबिकापुर के कई इलाकों में बिजली बार-बार गुल (Power cut in Ambikapur city) हो रही है। बार-बार बिजली कटने से लोग बेहाल हैं। बुधवार की रात करीब 10 बजे कोरबा के पास गड़बड़ी आने के कारण अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में एक घंटे के लिए बिजली गुल हो गई। रात में सोने के दौरान बिजली गुल होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
काफी देर बाद भी जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने मायापुर स्थित विद्युत विभाग (SCPDCL office) के कार्यालय में जमकर हंगामा किया। कार्यालय में लोगों की भीड़ और आक्रोश देखकर कर्मियों को रात में दफ्तर छोडक़र भागना पड़ा।
बिजली विभाग के अनुसार, जिन ट्रांसफार्मरों की क्षमता 60 से 70 एम्पियर सेट है, वहां का लोड 97 से 98 एम्पियर तक पहुंच जा रहा है। गर्मी में लोड बढऩे से कई इलाकों में तार टूट रहे हैं। ट्रांसफार्मर फेल हो जा रहे हैं। इस कारण यह स्थिति बनी है।
बिजली विभाग (Electricity department) के ईई जेपी राजवाड़े ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लोग एसी का उपयोग तो कर रही रहे हैं। वहीं गैस के किल्लत के बीच घरों में खाना बनाने के लिए इंडक्शन का भी उपयोग ज्यादा कर रहे हैं। इस लिए इस कारण भी लोड बढ़ा है।
मानसून से पूर्व बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस का कार्य कराया जाता है। जर्जर तार, पोल सहित अन्य उपकरण बदले जाते हैं। अभी आधे क्षेत्रों में ही मेंटेनेंस का कार्य हो पाया है। भीषण गर्मी के कारण लगातार आ रही गड़बड़ी के कारण शेष क्षेत्रों में फिलहाल के लिए मेंटेनेंस का कार्य रोक दिया गया है।
विद्युत विभाग के ईई जेपी राजवाड़े का कहना है कि बुधवार की रात कोरबा के पास गड़बड़ी आने के कारण करीब १ घंटे के लिए बिजली गुल हुई थी। इसके अलावा ओवर लोड (Electricity overload) के कारण बिजली कट रहे हैं। सुधार कराया जा रहा है। समस्या दूर हो जाएगी।
Updated on:
21 May 2026 09:01 pm
Published on:
21 May 2026 09:01 pm
