नई दिल्ली। पंजाब के अमृतसर में एक बड़ा रेल हादसा होने से अब तक 61 की मौत हो गई है जबकि 70 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे के बाद भले ही रेल प्रशासन और नेता अपने-अपने तर्क देकर पल्ला झाड़ रहे हों, लेकिन इस हादसे की स्क्रिप्ट पहले ही लिखा जा चुकी थी। जी हां इस हादसे का संकेत शायद एक पोस्टर ने पहले ही दे दिया था। दरअसल अमृतसर के जोड़ा फाटक में शुक्रवार शाम को हुई भीषण ट्रेन हादसे से पहले का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। यह पोस्टर इसी जगह पर हो रहे कार्यक्रम का है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्टर पर ध्यान से देखेंगे तो..इस पोस्टर की गलतियों पर आपकी नजर खुद-ब-खुद चली जाएगी। पोस्टर में लिखा गया है 'नेकी पर बदी की जीत', जबकि इसमें लिखा होना चाहिए था 'बदी पर नेकी की जीत'। इस गलती के चलते कार्यक्रम का यह पोस्टर गुरुवार से ही वायरल होना शुरू हो गया था। इसके एक दिन बाद यानी शुक्रवार को विजयादशमी के मौके पर इसी कार्यक्रम में यह बड़ा हादसा हो गया।