
शहीद औरंगजेब के घर जाएंगी रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, परिजनों से करेंगी मुलाकात
नई दिल्ली। रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण आज जम्मू कश्मीर में शहीद राइफलमैन औरंगजेब के परिजनों से मिलने उनके घर जाएंगी। रक्षामंत्री मेंढर तहसील के सलानी गांव में रक्षामंत्री के आने को लेकर सेना और प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। रक्षामंत्री दिल्ली से कृष्णा घाटी एक विशेष विमान से जाएंगी यहां से वो पूर्व सैनिक मोहम्मद हनीफ के घर जाएंगी। 15 जून को आतंकवादियों ने औरंगजेब को अगवा कर उनकी हत्या कर दी थी।
सेना प्रमुख भी गए थे शहीद औरंगजेब के घर
इससे पहले सोमवार को सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने औरंगजेब के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उन्होंने शोकाकुल परिवार के साथ लगभग 45 मिनट गुजारे। इस दौरान उन्होंने उन्हें सांत्वना दी और शहीद की बहादुरी की प्रशंसा की, जिसने एक सच्चे सैनिक की तरह मौत को गले लगाया। बयान के मुताबिक सेना प्रमुख ने उनके परिजनों को आश्वासन दिया कि औरंगजेब के कातिलों को उचित सजा दी जाएगी और बहादुर की शहादत का बदला लिया जाएगा।
अगवा कर आतंकियों ने की थी जवान की हत्या
कश्मीर के पुलवामा में औरंगजेब की निर्मम हत्या कर दी गई थी। ईद का त्यौहार मनाने के लिए अन्य सैनिकों के साथ निजी वाहन से शोपियां जाते समय आतंकवादियों ने उनका रास्ता रोक लिया था। शोपियां जाकर वे दूसरे वाहन से पुंछ स्थित अपने घर के लिए निकलने वाले थे। उनका अपहरण करने वाले आतंकवादियों ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वे निर्भीकता से यह स्वीकार कर रहे हैं कि वे भारतीय सेना के सैनिक हैं और उन्होंने दक्षिण कश्मीर में आतंकवाद-रोधी गतिविधियों में भाग लिया था।
Published on:
20 Jun 2018, 9:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.