
Delhi Lockdown: DMRC changed time table during lockdown
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों से हालात बेकाबू हो गए हैं। हर दिन हजारों की संख्या में नए केस सामने आ रहे हैं। लिहाजा केजरीवाल सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए आज (सोमवार) से अगले 6 दिनों यानी एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है।
वहीं इस घोषणा के साथ ही दिल्ली मेट्रो ने भी ट्रेनों के परिचालन को लेकर अहम फैसला लिया है। दरअसल, दिल्ली मेट्रो ने ट्रेनों के संचालन के लिए टाइम टेबल में बदलाव किया है। दिल्ली मेट्रो ने सोमवार को एक बयान में कहा कि दिल्ली में 19 अप्रैल (सोमवार) की रात 10 बजे से लेकर 26 अप्रैल (सोमवार) की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू होने की वजह से मेट्रो की सेवा सुबह 8 बजे से लेकर 10 बजे तक और शाम को 5 बजे से लेकर 7 बजे तक सभी नेटवर्क लाइन्स पर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा, बाकी समय में सभी नेटवर्क्स पर एक घंटे के अंतराल में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। DMRC ने एक बयान में कहा है कि लॉकडाउन के दौरान मेट्रो में उन्हीं लोगों को प्रवेश करने की इजाजत दी जाएगी, जिनके पास मान्य पहचान पत्र होगा।
सिर्फ 50 फीसदी सीट रहेगी उपलब्ध
दिल्ली मेट्रो के प्रवक्ता अनुज दयाल की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक, दिल्ली सरकार की ओर से आज सोमवार रात 10 बजे से और 26 अप्रैल सोमवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाने के आदेशों के मद्देनजर मेट्रो परिचालन को लेकर नया फैसला किया गया है।
DMRC की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि मेट्रो में सिर्फ केवल 50 फीसदी सीटिंग ही होगी। यात्रा के दौरान सिर्फ 50 फीसदी यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान कोई भी यात्री खड़ा नहीं रहेगा।
दिल्ली में आज रात 10 बजे से लॉकडाउन
आपको बता दें कि दिल्ली में कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रहे हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है। दिल्ली में रात आज 10 बजे से लॉकडाउन लागू हो रहा है। लॉकडाउन के दौरान प्राइवेट दफ्तर और इस्टैब्लिशमेंट, दुकानें, शॉपिंग सेंटर, मॉल, वीकली मार्किट, एडुकेशनल और कोचिंग इंस्टिट्यूट, सिनेमा हॉल, ऑडिटोरियम/ असेम्बली हॉल, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, पब्लिक पार्क और गार्डन, स्पोर्ट काम्प्लेक्स, जिम, स्पा, सैलून, ब्यूटी पार्लर्स, थियेटर, रेस्टोरेंट और बार, एंटरटेनमेंट/एम्यूजमेंट/ वॉटर पार्क, नाई की दुकान, स्विमिंग पूल (राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय इवेंट्स में भाग लेने वाले स्पोर्ट्स पर्सन की ट्रेनिंग जहां हो रही हो उनके अलावा), कंस्ट्रक्शन साइट (जहां ऑनसाइट मजदूर रह रहे हों उनके अलावा) कर्फ्यू के दौरान बंद रहेंगे।
Updated on:
19 Apr 2021, 6:25 PM IST
Published on:
19 Apr 2021, 6:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.