
नई दिल्ली। सैन्य खर्च के मामले में भारत अब दुनियाभर के देशों में पांचवे पायदान पर आ गया है। 2017 में भारत के सैन्य खर्च में साढ़े पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, इसी के साथ भारत ने फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। चीन में भी बढ़ोतरी लगभग इसी दर से हुई है। सैन्य खर्च के मामले में अमरीका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। कुल वैश्विक सैन्य खर्च में 60 फीसदी अकेले भारत और चीन का है। यह जानकारी स्वीडन के स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) की सालाना रिपोर्ट में सामने आई है।
चीन के मुकाबले भारत का सैन्य खर्च
2016 की तुलना में 2017 में भारत ने सैन्य खर्च साढ़े पांच फीसदी बढ़ाया है। इस खर्च में 14 लाख मौजूदा और करीब 20 लाख रिटायर्ड सैन्यकर्मियों की जरूरतें भी शामिल हैं। 2017 में भारत का सैन्य खर्च 4.26 लाख करोड़ रुपए रहा। हालांकि अभी भी सैन्य खर्च के मामले में चीन भारत से 3.6 गुना आगे है। चीन ने अपना सैन्य खर्च 5.6% (करीब 80 हजार करोड़ रुपए) तक बढ़ाते हुए 15.19 लाख करोड़ रुपए कर दिया।
वैश्विक सैन्य खर्च में 1.1 फीसदी बढ़ोतरी
सिपरी के मुताबिक 2017 में वैश्विक सैन्य खर्च में 2016 के मुकाबले 1.1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। 2017 में खर्च का आंकड़ा 115.92 लाख करोड़ रुपए का रहा, जो वैश्विक जीडीपी का 2.2 फीसदी है। 2016 में 2016 में कुल सैन्य खर्च 112 लाख करोड़ रुपए था।
पश्चिम में बढ़े तनाव से बेअसर रूस का खर्च
पश्चिमी देशों के साथ इन दिनों रूस के रिश्ते पहले से और खराब हुए हैं। सीरिया विवाद के चलते अमरीका से पारंपरिक तनातनी के हालात और खराब हुए हैं। लेकिन इस सबके बावजूद रूस का सैन्य खर्च एक साल में करीब 20 फीसदी घटकर 2016 के मुकाबले 4.41 लाख करोड़ रुपए रह गया है। आपको बता दें कि हाल ही में राजनयिक विवाद के चलते स्थितियां और खराब हुई हैं, हालांकि यह 2018 का विवाद है। दूसरी तरफ अमरीका ने 2010 से लगातार घटते सैन्य खर्च को इस बार बढ़ाया है। 2017 में अमरीका 40.66 लाख करोड़ रुपए खर्च करने के साथ शीर्ष पर रहा।
ये हैं सैन्य खर्च में शीर्ष 6 देश
| पायदान | देश | खर्च (लाख करोड़ रुपए) |
| 1 | अमरीका | 40.68 |
| 2 | चीन | 15.19 |
| 3 | सऊदी अरब | 4.60 |
| 4 | रूस | 4.40 |
| 5 | भारत | 4.26 |
| 6 | फ्रांस | 3.86 |
Published on:
03 May 2018 10:19 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
