
नई दिल्ली। लाइन ऑफ कंट्रोल और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। आए दिन आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए पाकिस्तान सेना सीमा पर गोलाबारी कर रही है। पाक की गोलाबारी पर भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कड़ी चेतावनी दी है। जनरल रावत ने कहा कि अगर पीओके से आतंकियों की घुसपैठ बंद नहीं हुई तो जल्द ही भारतीय सेना दोबारा से सर्जिकल स्ट्राइक करेगी। उन्होंने कहा कि सरहद उस पार आतंकवादी घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं। हम भी उनके लिए इस तरफ तैयार बैठे हैं। उन्होंने आतंकियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वो (आतंकवादी) इधर आएंगे, तो हम उनको रिसीव करके ढाई फीट जमीन में भेजते रहेंगे।
उत्तरी कमान के कमांडर भी दे चुके हैं चेतावनी
भारत में आतंकियों को घुसपैठ करवाने और एलओसी पर जारी सीजफायर को लेकर सेना के उत्तरी कमान के कमांडर (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अंबू ने भी पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता तो भारतीय सेना दोबारा पीओके में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देगी। लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अंबू ने जानकारी देते हुए बताया था कि एलओसी के उस पार पिछले एक साल में आतंकी कैंपों और लांचिंग पैडों में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि पीर पंजाल के उत्तर और दक्षिणी क्षेत्र में लगातार आतंकी गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा था कि पाक सेना आतंकियों को बढ़ावा देना बंद करे।
पिछले साल भारतीय सेना ने की थी सर्जिकल स्ट्राइक
पाकिस्तान से घुसपैठ कर आए आतंकियों ने पिछले साल सितंबर में उड़ी में स्थित भारतीय सेना के मुख्यालय पर हमला किया था। इस हमले में 20 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। अपने जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना के स्पेशल फोर्सेज के जवानों ने लाइन ऑफ कंट्रोल को पार करके पीओके में चल रहे आतंकी कैंपों को ध्वस्त किया था। इस सर्जिकल स्ट्राइक में लश्कर, हिजबुल समेत कई आतंकी संगठनों के 50 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
Updated on:
25 Sept 2017 10:11 pm
Published on:
25 Sept 2017 09:17 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
