
पुलवामा एनकाउंटर में मारे गए तीन आतंकी, सेना पर हुई पत्थरबाजी
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना का आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑल आउट जारी है। सुरक्षाबल के जवान हर रोज चुन-चुन कर आतंकियों को मार रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी सेना ने चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया। जिसमें पुलवामा एनकाउंटर में तीन और कुपवाड़ा में एक आतंकी को मार गिराया गया।
पुलवामा में तीन आतंकी ढेर
पुलवामा में दोपहर करीब दो बजे से चल रहा एनकाउंटर शाम छह बजे के आसपास खत्म हुआ। घंटों एनकाउंटर के बाद सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक आतंकी रिहायशी इलाके में भाग गया और एक घर में कुछ लोगों को बंधकर बनाकर छिप गया। इसकी वजह से सेना खुलकर गोली नहीं चला पा रही थी। बताया जा रहा है कि घर में करीब 4 लोग थे, जिन्हें आतंकी बांधकर अपना ढाल बना रखा था। जवानों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरे मकान को घेर लिया और आतंकी को मार गिराया।
सेना पर हुई पत्थरबाजी
पुलवामा में एनकाउंटर के दौरान कुछ लोगों ने जवानों पर पत्थरबाजी भी किया। इससे मची अफरा तफरी में 10 लोग जख्मी हो गए जबकि नागरिक की मौत भी हुई है।
कुपवाड़ा में मारा गया एक आतंकवादी
इससे पहले कुपवाड़ा में भी आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुपवाड़ा के जंगलों में गुरुवार देर रात से ही गोलीबारी शुरू हो गई थी। इस मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया है। बता दें कि कुपवाड़ा में काफी समय से आतंकी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। बीती 10 तारीख को उनको मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनकी सभी कोशिशों को सेना ने नाकाम किया था और 6 आतंकियों को मार गिराया था।
पेट्रोलिंग टीम पर हमला
वहीं दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर ग्रेनेड से हमला किया। अहगम इलाके में हुए इस हमले में सेना का एक जवान घायल है। इलाके को सेना ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लॉन्च कर दिया गया है।
Updated on:
30 Jun 2018, 9:31 AM IST
Published on:
29 Jun 2018, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.