अधिकारियों ने जिले में फंसे लोगों की सटीक संख्या जाहिर नहीं की है। पश्चिमी घाट पहाड़ी श्रंखला में स्थित यह कॉफी उत्पादक जिला जून के पहले सप्ताह से दक्षिणी पश्चिमी मानसून की बारिश से प्रभावित है। लगातार बारिश से क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन हो रहा है, जिससे मुख्य मार्गों को काफी नुकसान हुआ है।डोगरा रेजिमेंट के लगभग 60 सैनिक, नौसेना के 12 गोताखोर, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के अधिकारी, 525 अग्निशमन कर्मी और होम गार्ड बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। साथ ही राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के कुल एक हजार से अधिक बचावकर्ता बचाव अभियान में लगे हुए हैं। कावेरी की सहायक नदियों में से एक हरंगी नदी के समीप जिले में हरंगी जलाशयों से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण इस क्षेत्र के कस्बों और गांवों में जलस्तर बढ़ रहा है।