श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया है। खबरों के मुताबिक, सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच एनकाउंटर चल रहा है। मुठभेड़ हंदवाड़ा के शर्तगुंड बाला में चल रही है। सुरक्षाबलों ने दो से तीन आतंकियों को घेर रखा है। इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। एनकाउंटर के चलते सभी स्कूल- कॉलेज भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन आतंकियों को सुरक्षाबलों ने घेरा है उसमें आतंकी बने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ( AMU ) के पूर्व छात्र मन्नान वानी के शामिल होने की आशंका है। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनावों पर आतंकी साया बना हुआ है। आतंकी चुनाव बहिष्कार की धमकियां दी हैं। वैसे चुनाव में मतदान का आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला रहा है। जम्मू में तो आंकड़ा 78.6 फीसदी रहा लेकिन कश्मीर घाटी में हालात बेहद चिंताजनक है। आपको बता दें कि यहां 2.20 लाख योग्य मतदाताओं में से महज 3.4 फीसदी लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य में दूसरे चरण के मतदान में कुल मिलाकर 31.3 फीसदी फीसदी लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।