लालमटिया। झारखंड के गोड्डा जिले में गुरुवार शाम कोयले की खदान धंसने से वहां काम करने वाले करीब 45 मजदूर मिट्टी में धंस गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 11 मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर 300 मीटर गहराई में फंसे थे। सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई है। मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। मजदूरों के साथ 35 डम्पर भी मिट्टी में धंस गए। हादसा गुरुवार रात आठ बजे हुआ। यहां महालक्ष्मी कंपनी की ओर से माइनिंग का काम हो रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री रघुवर दास से बात कर हादसे की जानकारी ली। राज्य सरकार ने हादसे में मारे गए लोगों को 2-2 लाख का मुआवजा दिया है।