18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘वर्ल्डकप विनिंग डे’ पर धोनी को मिला ‘पद्म भूषण’, इन 42 हस्तियों को भी राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को 43 हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजा है। इनमें महेंद्र सिंह धोनी और पंकज आडवाणी समेत कई दिग्गज शामिल रहे।  

2 min read
Google source verification
Padma Bhushan MSD

नई दिल्ली। भारत सरकार ने सोमवार को 43 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से यह सम्मान पाने वालों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी , बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी समेत कई मशहूर हस्तियां शुमार रहीं। इस फेहरिस्त में खेल और कला समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई लोग शामिल रहे।

इन लोगों को मिला पद्म सम्मान
महेंद्र सिंह धोनी (क्रिकेट), पंकज आडवाणी (बिलियर्ड्स), अलेक्जेंडर काराकीन (पब्लिक अफेयर्स, रूस), लक्ष्मण पाई (पेंटिंग) और शारदा सिन्हा (संगीत) को पद्म भूषण सम्मान जबकि 38 लोगों को पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पद्म भूषण देश का तीसरा सबसे बड़ा भारतीय नागरिक सम्मान है।

धोनी के लिए बेहद खास 2 अप्रैल
पद्म सम्मान हासिल करना हर हस्ती के लिए बेहद गर्व की बात होती है। लेकिन भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए 2 अप्रैल का दिन बेहद खास है। सात साल पहले आज ही के दिन उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने एकदिवसीय विश्वकप अपने नाम किया था। आपको बता दें कि धोनी को 2007-08 में राजीव गांधी खेल रत्न और 2009 में पद्म श्री भी मिल चुका है। लेकिन दोनों ही मौकों पर वे खुद उपस्थित नहीं हो सके थे। खेल रत्न उनके माता-पिता ने ग्रहण किया था, जबकि पद्मश्री उन्हें रांची जिला प्रशासन के माध्यम से दिया गया था। 2007 में उन्हें झारखंड रत्न से भी सम्मानित किया जा चुका है।

सम्मान में गृहमंत्री ने रखा था रात्रिभोज
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। उन्होंने कहा कि पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी व्यक्तियों पर देश को गर्व है, क्योंकि देश के विकास में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा अब तक स्थानीय स्तर पर पहचानी जाती थी। परंतु इन पुरस्कारों से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

विजेताओं ने अपने क्षेत्र में कठिन कार्य कियाः सुषमा
विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज ने कहा कि प्रत्येक पद्म पुरस्कार विजेता ने अपने क्षेत्र में कठिन कार्य किया है। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि उन्हें पुरस्कार विजेताओं की उपलब्धियों को रेखांकित करना चाहिए जो अद्भुत, अविश्वसनीय और अकल्पनीय है। उन्होंने आसियान देशों के विजेताओं की उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया। इस अवसर पर कई पुरस्कार विजेताओं ने अपने कार्य और अनुभव साझा किए।

43 हस्तियों को पहले मिल चुका है सम्मान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों जैसे कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सिविल सेवा, व्यापार व उद्योग आदि में प्रदान किए जाते हैं। पद्म पुरस्कार 2018 के 43 विजेताओं के पहले समूह को 20 मार्च 2018 को आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया है।