
NEWS OF THE HOUR: राष्ट्रपति ने दिए पद्म पुरस्कार से लेकर पोस्टरों को उतारने का काम शुरू तक 5 बड़ी खबरें
1- राष्ट्रपति ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 56 लोगों को प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। वहीं बाकी बचे हुए लोगों को यह पुरस्कार राष्ट्रपति 16 मार्च को प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति ने पूर्व विदेश सचिव एस जयशंकर, डांसर प्रभुदेवा से लेकर रेस्लर बजरंग पूनिया तक को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने दक्षिण भारत के सुपरस्टार मोहनलाल को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया। सरदार सुखदेव सिंह ढींगरा और हुकुमदेव नारायण यादव को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए 112 शख्सियतों को चुना गया था।
2- जैश कमांडर मुद्दसिर समेत तीन आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। पुलवामा जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, इसमें तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का डिस्ट्रिक्ट कमांडर मुद्दसिर खान भी शामिल है, जबकि अन्य दो आतंकियों की पहचान की जा रही है। आपको बता दें कि पुलवामा हमले में मुद्दसिर का बड़ा हाथ था। पेशे से इलेक्ट्रीशियन मुद्दसिर ने 2017 में जैश-ए-मोहम्मद ज्वाइन किया था, वह आदिल अहमद डार के संपर्क में था और पुलवामा हमले की साजिश में शामिल था।
3- तमिलनाडु की 39 सीटों पर चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ा
लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही तमिलनाडु की 39 सीटों पर चुनाव प्रचार जोर पकड़ने जा रहा है, वहीं सियासी पार्टियों की 15 लोकसभा सीटों पर पैनी नजर है। इसकी वजह है इन लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली 18 सीटें, जहां लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा कराए जाएंगे। राज्य की सत्ता पर काबिज एआईडीएके सरकार का भविष्य भी इन्हीं 18 सीटों के नतीजों पर निर्भर करेगा। इसके साथ-साथ विपक्षी डीएमके के लिए अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देने का यह एक बेहतरीन मौका भी है।
4- आदर्श आचार संहिता लगते ही पोस्टरों को उतारने का काम शुरू
रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान होने के बाद आदर्श आचार संहिता लगते ही पोस्टरों को उतारने का काम शुरू हो गया है। चुनाव आयोग के आदेश के बाद प्रशासन ने पोस्टरों को उतारने का काम शुरू कर दिया है। प्रचार सामग्री का इस्तेमाल चुनाव आयोग की निगरानी में ही होगा। आपको बता दें कि 2019 का लोकसभा चुनाव सात चरणों में होगा।
5- अंडमान निकोबार में भूकंप के झटके
केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यह भूकंप अंडमान द्वीप समूह क्षेत्र में आज सुबह 6:44 बजे महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 मापी गई। वहीं किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। आपको बता दें कि पहले भी अंडमान निकोबार में भूकंप के झटके आते रहे हैं।
Published on:
11 Mar 2019 12:02 pm
