नई दिल्ली। पाकिस्तानी सेना अपने नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रही है। सोमवार को भी जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गांवों को निशाना बनाते हुए मोर्टार गोले दागे। जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई का इसका एक वीडियो जारी किया है। जिसमें पाक की ओर से की जा रही गोलीबारी की आवाज साफ सुनी जा सकती है। वीडियो में पहाड़ी से धुंआ उठता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
रविवार पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भी भारी गोलीबारी की। एक सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने गोलीबारी का समुचित जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर बिना किसी उकसावे के भारतीय चौकियों को सुबह 11 बज कर करीब 50 मिनट पर निशाना बनाया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।