
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल 2017 के जुलाई में इज़रायल के दौरे पर गए थे। पीएम मोदी ने यहां एक बच्चे से मुलाकात की थी। अगर आप ये सोच रहे हों कि पीएम मोदी का किसी बच्चे से मिलना कोई बड़ी बात नहीं है या फिर इसमें ऐसा क्या खास है कि इसके लिए खबर लिखी गई। बता दें कि ये कोई आम बच्चा नहीं है। इस इज़रायली बच्चे का नाम मोशे है। मोशे वो बच्चा है जिसने एक आतंकवादी हमले में अपने माता-पिता को खो दिया था।
ये हमला भी कोई साधारण हमला नहीं था, बता दें कि साल 2008 में मुंबई में हुए हमले में मोशे ने अपने माता-पिता को खो दिया था। ये हमला विश्व के सबसे बड़े आतंकी हमलों में से एक था, जिसमें कुल 166 लोग मारे गए थे। गैवरियल होल्त्जबर्ग मोशे के पिता थे, जो मुंबई के नरीमन हाउस में डायरेक्टर थे। मोशे की मां रिवका भी उन्हीं के साथ मुंबई में ही रहती थीं। आपको जानकर हैरानी होगी कि मोशे का जन्म भारत में ही हुआ था।
मुंबई हमले के दौरान मोशे की उम्र महज़ दो साल थी। नरीमन हाउस में हमले के बाद मोशे को माता-पिता की लाशों के पास रोता हुआ पाया गया था। पीएम मोदी ने इज़रायल के दौरे पर मोशे से मुलाकात कर उन्हें भारत आने के लिए निमंत्रण भी दिया था। पीएम ने मोशे से कहा था, "तुम भारत आना चाहोगे? पीएम की इस बात पर मोशे ने नम आंखों से मोदी की बात मान ली और भारत आने के लिए कहा। जिसके बाद इज़रायली राष्ट्रपति नेतन्याहू ने मोशे से वादा किया था। राष्ट्रपति ने मोशे से कहा था कि, " पीएम मोदी ने मुझे भारत बुलाया है, जब मैं भारत जाऊंगा तब तुम मेरे साथ मुंबई चलना।" साथ ही पीएम मोदी ने भी मोशे से वादा किया था कि, "तुम और तुम्हारा परिवार कभी भी भारत आ सकता है। जहां चाहे, वहां जा सकता है।"
आपको जानकर हैरानी होगी कि पीएम मोदी ने अपनी दरियादिली का परिचय देते हुए मोशे के पूरे परिवार को अगस्त में भारत का 10 साल का वीजा इशु किया है। खास बात ये है कि मोशे का पूरा परिवार इस दौरान अपनी मर्ज़ी के मुताबिक जितनी बार भी भारत आ सकते हैं। लिहाज़ा मोशे 15 जनवरी को भारत आ रहा है। बता दें कि अपने 4 दिन के दौरे पर भारत आ रहे इज़रायल के राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू अपने साथ ही मोशे को भी भारत ला रहे हैं।
मोशे के दादाजी रब्बी शिमोन राजेनबर्ग ने कहा है कि भारत जाने के लिए मोशे जितना रोमांचित है उतना ही वो भावुक भी है। मोशे इंडिया आकर एक बार फिर से अपने माता-पिता से जुड़ी चीज़ें देखना चाहता है।
Published on:
08 Jan 2018 05:12 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
