
Corona
नई दिल्ली। पूरी दुनिया कोरोना महामारी के प्रकोप से जूझ रही है और हर दिन लाखों की संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं। भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में स्थिति भयावाह होती जा रही है। हर दिन अब संक्रमितों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज हो रही है, जिसको लेकर दुनियाभर में चिंताएं देखी जा रही है और भारत की मदद करने को सामने आ रहे हैं।
इस बीच भारत में तेजी से फैल रहे संक्रमण को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शुक्रवार को एक बड़ी बात कही है। WHO ने कहा है कि भारत में ट्रांसमिशन कम करना काफी मुश्किल लग रहा है। कोरोना की वजह से बिगड़ते हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए WHO के कार्यकारी स्वास्थ्य निदेशक माइक रेयान ने कहा कि भारत को तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को कम करने की आवश्यकता है। लेकिन अभी तो स्थिति है उसमें संक्रमण के प्रसार को कम करना बहुत मुश्किल काम लग रहा है। उन्होंने कहा कि हमें संक्रमण को कम करने के लिए जो कुछ भी हो सकता है, मिलकर करना होगा। भारत सरकार ऐसा करना चाह रही है।
बता दें कि भारत में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 3,32,730 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो कि पूरी दुनिया में अब तक एक दिन में दर्ज सबसे अधिक संख्या है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,62,63,695 तक पहुंच गया है।
कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी
आपको बता दें कि भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कई राज्यों में ऑक्सीजन की कमी से हाहाकार मचा है। हालांकि केंद्र सरकार ने दखल देते हुए तत्काल प्रभाव से राज्यों को ऑक्सीजन सप्लाई करने के निर्देस दिए हैं। शुक्रवार को ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑक्सीजन सप्लाई की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए हैं।
वहीं केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऑक्सीजन-परिवहन वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने और उनके परिवहन के लिए विशेष गलियारों का प्रावधान करने के लिए पत्र लिखा है।
मालूम हो कि कई राज्यों के अस्पतालों से ऑक्सीजन की कमी की खबर सामने आने के बाद देश के शीर्ष अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए चिंता जाहिर की और केंद्र सरकार को निर्देश दिए कि जिन राज्यों में अस्पतालों को ऑक्सीजन की जरूरत है वहां तत्काल प्रभाव से मुहैया कराया जाए। वहीं राजधानी दिल्ली के कई अस्पतालों ने उच्च न्यायालय से शिकायत की थी कि उनके पास बहुत कम ऑक्सीजन बची है, जो केवल कुछ घंटों तक चलेगी और इसके परिणामस्वरूप कई मरीजों की मौत हो सकती है।
बता दें कि महाराष्ट्र के नासिक में ऑक्सीजन टैंकर में रिसाव के बाद 24 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं जबलपुर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित होने के कारण शुक्रवार को पांच मरीजों की मौत हो गई।
Published on:
23 Apr 2021, 10:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.