नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के संरक्षक अशोक सिंघल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आज यहां बताया कि सिंह गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं। उन्हें देर रात्रि गुडग़ांव के मेदांता मेडीसिटी अस्पताल में पुन: भर्ती कराना पड़ा।
डॉक्टरों के अनुसार, सिंह की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है। बंसल ने बताया कि विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश सिंहल, महामंत्रीचंपत राय, मंत्री राजेन्द्र पंकज सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार मेदांता में बने हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री रामलाल सहित अनेक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी सिंहल का हालचाल जानने मेदांता पहुंचे।
सिंघल की गंभीर हालत को देखते हुए विहिप द्वारा 16 नवम्बर से दिल्ली के बिड़ला मन्दिर में आयोजित किये जाने वाले अठारह दिवसीय विशाल चतुर्वेद स्वाहाकार यज्ञ तथा विहिप के दीपावली मंगल मिलन कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।