8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठः पीएम मोदी ने किया पराक्रम पर्व का उद्घाटन, आज सेना दिखाएगी ताकत

सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर 28 सितंबर से दो दिवसीय पराक्रम पर्व शुरू हो रहा है जो आगामी 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान भारतीय सेना की उत्तरी कमान के ऊधमपुर मुख्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

2 min read
Google source verification
Surgical Strike 2 years

सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठः पीएम मोदी ने जोधपुर में किया पराक्रम पर्व का उद्घाटन, आज सेना दिखाएगी ताकत,

जम्मू।सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ मना रही भारतीय सेना शुक्रवार को पराक्रम पर्व आयोजित कर रही है। जोधपुर मिलिट्री स्टेशन में पीएम नरेंद्र मोदी ने पराक्रम पर्व प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इसके बाद वे संयुक्त कमांडर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। पराक्रम पर्व के दौरान नई दिल्ली के इंडिया गेट, जम्मू एयरफोर्स स्टेशन समेत देश के 35 स्थानों पर भारतीय सेना अपने शौर्य और मारक क्षमता का प्रदर्शन कर पड़ोसियों को कड़ा संदेश देगी। वहीं, जोधपुर में पीएम मोदी के साथ रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजीत डोभाल, थलसेना, वायुसेना और नौसेना प्रमुख समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।

देशभर में शुक्रवार 28 सितंबर से दो दिवसीय पराक्रम पर्व शुरू हो रहा है जो आगामी 30 सितंबर तक चलेगा। इंडिया गेट पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है। वहीं, भारतीय सेना की उत्तरी कमान के ऊधमपुर मुख्यालय में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका मकसद युवाओं की हौसलाफजाई करना है। इस दौरान जम्मू के एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना के हेलीकॉप्टर, सेना के अत्याधुनिक हथियार, तोप, मिसाइलें, कम्यूनिकेशन सिस्टम समेत तमाम अन्य रक्षा से जुड़े सामानों का प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाएगी। साथ ही यह संदेश भी देगी कि वो किसी भी तरह की चुनौती से निपटने और उसका माकूल जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

पराक्रम पर्व के पहले दिन कॉलेज-स्कूलों के स्टूडेंट्स भारतीय सेना की ताकत देख सकेंगे। जबकि सेना इस प्रदर्शन के जरिये युवाओं को सेना में आने के लिए प्रेरित भी करेगी। इस दौरान वायुसेना के गरुड़ कमांडो भी अपने साहस की इबारत का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेनाओं के बारे में जागरूक करने के साथ वायुसेना-थल सेना की भूमिका से रूबरू कराना है।

बीते 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की कड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान सेना ने कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर, राजौरी जिला स्थित नौशहरा और उड़ी में देर रात सर्जिकल स्ट्राइक करके गुलाम कश्मीर में चल रहे कई आतंकी प्रशिक्षण शिविरों को नेस्तानाबूद कर दिया था।

इस सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये भारतीय सेना ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पड़ोसी मुल्क को सख्त संदेश दिया था कि वो चुप नहीं बैठने वाली और जरूरत पड़ने पर आतंकियों को उनके ही शिविरों में घुसकर मार सकती है। सेना ने अपनी इस कार्रवाई से जता दिया था कि वो निर्दोषों का खून बहाने के लिए तैयार हो रहे आतंकियों को पनपने नहीं देगी।

गौरतलब है कि इससे पहले घाटी के उड़ी में आतंकियों ने 19 जवानों को शहीद कर दिया था। इसके बाद उड़ी हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना की इस सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कड़ी कार्रवाई ने दुश्मन मुल्क को करारा जवाब दिया था। सेना ने न केवल अपने जवानों की शहादत का बदला लिया, बल्कि देशवासियों को भी यह विश्वास दिलाया कि वो हर बात का जवाब देना जानती है।