
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष को लिया आड़े हाथ
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विकसित भारत के संकल्प को दोहराया, वहीं विपक्षी पर भी हमलावर रहे। उन्होंने देश के विकास के लिए राज्यों के विकास का मंत्र दोहराया। उन्होंने कहा, वह क्षेत्रीय आकांक्षाओं को बहुत अच्छी तरह से समझते हैं, क्योंकि वह एक मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्यों के विकास के लिए केंद्र की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, देश को तोडऩे के लिए यह कैसा नैरेटिव चलाया जा रहा है। हमारा टैक्स-हमारा पैसा, हमारी वैक्सीन-तुम्हारी वैक्सीन ये क्या भाषा बोली जा रही है। देश में भ्रम मत फैलाइए। हम राज्यों के विकास से ही राष्ट्र का विकास कर सकते हैं और इस पर कोई विवाद नहीं हो सकता। राज्यों के बीच स्वस्थ स्पर्धा होनी चाहिए। कोविड के समय में भी मैंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ 20 बैठकें की। केंद्र और राज्यों ने मिलकर उस मुश्किल का सामना किया और राज्यों को भी इसका क्रेडिट लेने का अधिकार है। जी20 का आयोजन हम दिल्ली में कर सकते हैं, लेकिन हमने राज्यों में इसकी बैठकें की। सभी राज्यों में बैठकें हुईं, सभी को इसका यश मिला। उन्होंने कहा, मेरा आग्रह रहता है कि एक दिन किसी राज्य में जाइए। उन्हें पता चले कि देश दिल्ली में ही नहीं चेन्नई, कोलकाता, बेंगलूरु, हैदराबाद, पुरी में भी है। पूरे देश को एक्सपोजर मिले, इसके लिए कोशिश करता हूं।
मोदी 3.0 विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा
हमारी सरकार का तीसरा टर्म दूर नहीं। कुछ लोग इसे मोदी 3.0 कहते हैं। मोदी 3.0 विकसित भारत की नींव को मजबूत करने के लिए है। अगले 5 साल भारत में डॉक्टर, मेडिकल कॉलेज बढ़ेंगे। इलाज सस्ता और सुलभ होगा। हर गरीब के घर में नल से जल का कनेक्शन होगा। गरीब को पीएम आवास दिए जाएंगे। एक भी वंचित नहीं रहेगा। सोलर पावर से बिजली बिल जीरो होगा। देश के करोड़ों लोगों को फायदा होगा। अपने घर पर बिजली बनाकर बेच पाएंगे।
देश के खिलाफ बयानबाजी बंद करें
कर हिस्सेदारी को लेकर कर्नाटक के सीएम सिद्धरामैया के नेतृत्व में कांग्रेस के विरोध धरने पर बोले, मैं आप लोगों के साथ अपना दर्द साझा करना चाहता हूं। राजनीतिक लाभ के लिए देश को तोडऩे वाले बयान दिए जा रहे है। हद तो तब हो गई, जब पूरा राज्य यह भाषा बोल रहा है, इससे बुरा कुछ नहीं हो सकता है। इससे देश को खतरा हो सकता है।
कांग्रेस पार्टी सोच से भी आउटडेटेड हो गई है
'मैंने सुना है लोकतंत्र में आपका कहने का अधिकार है और हमारी सुनने की जिम्मेदारी है। आज जो भी बातें हुई हैं, उसे मुझे देश के सामने रखना चाहिए। जब मैं सुनता हूं तब मेरा विश्वास पक्का हो गया कि यह पार्टी (कांग्रेस) सोच से भी आउटडेटेड हो गई है। देखते ही देखते इतने दशकों तक देश पर राज करने वाला दल, इतना बड़ा दल, उसका यह हाल हो गया।
और क्या-क्या बोले
- 'जिस कांग्रेस की अपने नेता की कोई गारंटी नहीं, अपनी नीति की कोई गारंटी नहीं, वो मोदी की गारंटी पर सवाल उठा रहे हैं।
-इन्होंने (कांग्रेस) अपने युवराज को एक स्टार्टअप बनाकर दिया है, और वो नॉन स्टार्टर है। वो लॉन्च ही नहीं हो पा रहा है।
-'पश्चिम बंगाल से आपको चैलेंज आया है, कांग्रेस 40 पार नहीं कर पाएगी। मैं प्रार्थना करता हूं कि आप 40 बचा पाएं।
-विपक्ष मेरी आवाज नहीं दबा सकता, क्योंकि देश की जनता ने इस आवाज को ताकत दी है।
-आज हम दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं। आज दुनिया हमारे बारे में बात करती है।
-अगर हम वर्ष 2047 तक विकासशील भारत का लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं तो 20वीं सदी का दृष्टिकोण काम नहीं करेगा।
-मेरा जन्म स्वतंत्र भारत में हुआ है और उनके विचार और सपने स्वतंत्र हैं, इसलिए देश में औपनिवेशिक मानसिकता के लिए कोई जगह नहीं है।
Published on:
08 Feb 2024 12:44 am
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
