
पठानकोट में बॉर्डर के पास देखे गए दो संदिग्ध, सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
नई दिल्ली। पठानकोट का नाम सामने हिंदुस्तान की आंखों के सामने 2 जनवरी, 2016 की वो काली सुबह आ जाती है, जब जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने पठानकोट एयरबेस पर हमला बोला था। बमियाल बार्डर के पास एकबार फिर कुछ संदिग्ध लोगों के देखे जाने के बाद लोग दहशत में हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर दो अज्ञात व्यक्ति देखे जाने के बाद सेना ,पुलिस और स्पेशल सिक्योरिटी गार्ड का संयुक्त ऑपरेशन चल रहा है।
संदिग्धों ने दी सिर काटने की धमकी
पंजाब के पठानकोट जिले में बमियाल बार्डर पास पड़ते जमियाल गांव की एक महिला ने गोंड गांव के समीप खेतों पर कुर्ता पायजामा और पैंट-शर्ट पहने दो अज्ञात व्यक्ति मिले। संदिग्ध लोगों ने जब गांव का नाम पूछा तो महिला ने इसका कारण जानना चाहा तो दोनों ने महिला का सिर काटने की धमकी दी । वह डर की मारी भागती -भागती गांव पहुंची और लोगों को यह बात बताई। गांववालों ने पुलिस को यह जानकारी दी जिसके बाद सर्च आपरेशन शुरू किया गया । जानकारी के मुताबिक यह सर्च आपरेशन एसएचओ नरोट जयमल सिंह की देखरेख में चलाया जा रहा है ।
हर तीन महीने में होती हैं ऐसी घटनाएं
बता दें ऐसी घटनाएं यहां हर दो तीन माह के बाद सामने आती हैं और सर्च आपरेशन भी चलाए जाते हैं लेकिन कोई पकड़ा नहीं जाता। पठानकोट एयरबेस हमले के बाद से पुलिस यहां से मिलने वाले हर इनपुट को गंभीरता से लेती है, इसलिए किसी भी तरह के संदिग्ध की जानकारी मिलने पर सुरक्षाबल सर्च में जुट जाते हैं।
पठानकोट एयरबेस हमले से दहल उठा था देश
25 दिसंबर,2015 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाकिस्तान जाने के एक हफ्ते बाद यानि 2 जनवरी, 2016 दिन शनिवार के तड़के 3.30 बजे सेना की वर्दी में आए आतंकियों ने पठानकोट एयरबेस पर हमला बोल दिया। पांच दिनों तक सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। भारतीय सुरक्षाबलों ने सीमापर कर घुसे सभी छह आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया। हालंकि हमले में सात सैन्यकर्मी भी शहीद हुए थे। जिसमें वायुसेना का एक गरूड़ कमांडो भी शामिल था।
Published on:
1 Sep 2018, 8:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.