
पीएम मोदी को चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवार्ड, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने किया सम्मानित
नई दिल्ली। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के चैम्पियन ऑफ द अर्थ अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने उन्हें चैम्पियन ऑफ द अर्थ अवार्ड से नवाजा। इस मौके पर कई केंद्रीय मंत्री और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी उपस्थित थे। पीएम मोदी को यह पुरस्कार देश में प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने और नवीनीकृत ऊर्जा के स्रोतों के लिए काम करने के लिए दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ यह पुरस्कार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को भी दिया गया है। भारत के कोच्चि इंटरनैशनल एयरपोर्ट को सस्टेनेबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) की दिशा में आगे बढ़ते हुए उद्यमिता दृष्टि दिखाने के लिए अवॉर्ड दिया गया है।
क्या कहा पीएम मोदी ने
इस मौके पर पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पुरस्कार व्यक्ति का मनोबल बढ़ाते हैं जिससे वह और बेहतर करने के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि यह भारत की पुरातन परम्परा का सम्मान है। अवार्ड को उन्होंने देश के सभी नागरिकों का सम्मान बताते हुए आह्वान किया कि भारत को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में सभी नागरिकों को मिलकर काम करना चाहिए। पीएम ने कहा कि भारतीय परम्परा में प्रकृति को हमेशा सजीव माना गया है। उन्होंने अवार्ड को देश के किसानों, मजदूरों और आदिवासियों आदि का सम्मान बताते हुए कहा कि अब पर्यावरण के प्रति भारत की संवेदना को पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देश में सड़कों को भी पर्यावरण अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी दुनिया से प्रकृति के अनुकूल कदम उठाने का आह्ववान किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत हमेशा प्रकृति को मां के रूप में देखता आया है। ये सम्मान भारत की नारी का सम्मान है, जो पौधों को भी अपने बच्चों की तरह मानती है।
इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस कार्यक्रम में कहा कि यह देश के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि जब पेरिस समझौते का कुछ विकसित देशों बायकाट किया तो भी भारत किसी दवाब में नहीं आया। भारत ने पेरिस समझौते पर किसी दबाव में हस्ताक्षर नहीं किया था।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने की तारीफ
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ग्लोबल वार्मिग और पर्यावरण संरक्षण पर भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया में प्लास्टिक का उपयोग बढ़ रहा है, भारत का प्रयास सराहनीय है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने पूरी दुनिया से भारत के नक्शे कदम पर चलते का आग्रह किया।
Updated on:
03 Oct 2018 09:44 pm
Published on:
03 Oct 2018 01:27 pm
बड़ी खबरें
View Allविविध भारत
ट्रेंडिंग
