
नई दिल्ली। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने पंजाब नेशनल बैंक घोटाले (PNB SCAM) में आरोपी मेहुल चोकसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मेहुल चोकसी को धोखेबाज करार देते हुए कहा है कि भारतीय जांच एजेंसियां एंटीगुआ आकर मेहुल चोकसी से पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र हैं।
सिटीजनशिप इनवेस्टमेंट प्रोग्राम को हुआ नुकसान
एंटीगुआ के पीएम गैस्टन ब्राउन ने कहा कि मेहुल चौकसी को वापस इंडिया जाना होगा। ये सब समय की बात है कि वो कबतक कानूनी दांव-पेचों से खुद को बाहर रख पाता है। पीएम ब्राउन ने ये भी बताया कि मेहुल चोकसी की वजह से कैसे उनके सिटिजनशिप बाय इनवेस्टमेंट प्रोग्राम को नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यर्पण की संभावना बढ़ी
पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ के इसी प्रोग्राम का इस्तेमाल करते हुए एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारियों ने हमें समय पर सूचित नहीं किया। लेकिन हमारी सरकार का इस मामले में रुख साफ है। मेहुल चोकसी को एंटीगुआ से जाना होगा। उनके इन बयानों से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की संभावनाओं को बल मिलता है।
बता दें कि हाल ही में गैस्टन ब्राउन ने मेहुल चोकसी की नागरिकता को रद्द करने का ऐलान किया था। उन्होंने ये कदम भारत के दवाब में उठाया था। PNB घोटाले के तहत नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर 13 हजार करोड़ रुपए के गबन का आरोप है। ये मामला 2018 में सामने आया था।
Updated on:
26 Sept 2019 04:18 pm
Published on:
26 Sept 2019 07:54 am
