
वाशिंगटन।अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के परिवार के दो सदस्य दो दिनों से लापता थे। परिवार गुरुवार को मैरीलैंड में फैमिली ट्रिप पर गया था। लापता लोगों में कैनेडी की पोती मेव कैनेडी मैक्कीन (40) और 8 साल का उनका बेटा गिडोन शामिल थे। सोमवार को पुलिस ने कैनेडी की पोती का शव बरामद कर लिया है। उनका शव चार्ल्स काउंटी डाइव में पाया गया। रेस्क्यू टीम ने 25 फीट की गहराई से शव को निकाला। वहीं आठ साल के उनके बेटे गिडोन की तलाश जारी है।
नाव और चप्पू मिल गया था
गौरतलब है कि मां और बेटा चेसापीक खाड़ी के पास कयाकिंग (छोटी नाव से बोटिंग) करते हुए नदी में बह गए थे। इसकी सूचना बचाव दल को गुरुवार शाम को मिली, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दल के सदस्याें को नाव और चप्पू मिल गया था,लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका था। जांच दल का कहना है कि गिडोन के मरने की भी संभावना प्रबल है। उसके शव की भी तलाश जारी है।
मैरीलैंड के गवर्नर लैरी होगन ने शुक्रवार को जानकारी दी थी कि मेव और उनके बेटे गिडोन की खोज जारी है। मेव मैरीलैंड की पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर कैथलीन कैनेडी टाउनसेंड की बेटी और रॉबर्ट एफ कैनेडी की पोती हैं। रॉबर्ट एफ कैनेडी पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के भाई थे। रॉबर्ट की हत्या 1968 में हो हुई थी। तब वे डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की दौड़ में थे।
गहरी साजिश का अंदेशा
कैनेडी परिवार में अस्वाभाविक मौतों का सिलसिला लगातार काफी समय से देखने को मिल रहा है। पिछले करीब 75 साल में परिवार के 12 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। इसमें से कई लोग विमान हादसे का शिकार हुए हैं। अमरीकी राष्ट्रपति रहे जॉन एफ केनेडी की भी एक सार्वजनिक समारोह में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। कैनेडी परिवार के सदस्यों की मौत को अस्वाभाविक बताया जा रहा है। इसके पीछे गहरी साजिश का अंदेशा बताया जा रहा है।
Updated on:
7 Apr 2020, 3:17 PM IST
Published on:
7 Apr 2020, 11:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.