
Emergency in New York Due to Coronavirus
न्यूयॉर्क। कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर दुनियाभर के करीब 97 देशों में फैल चुका है। इसका कहर इस वक्त अमरीका में भी जमकर बरप रहा है। इसी बीच न्यूयॉर्क से एक बड़ी खबर आ रही है। यहां के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने शनिवार को राज्य मे इमरजेंसी की घोषणा कर दी। दरअसल, न्यू रोशेल में कोरोना वायरस के 23 नए मामले सामने आए हैं, जिसके मद्देनजर शनिवार को इमरजेंसी लगाई गई है।
गवर्नर कुओमों ने दी संक्रमित जानकारी
नए मामलों के सामने आने के बाद वेस्टचेस्टर काउंटी में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 57 के पार पहुंच गई। इनमें सबसे अधिक मामले न्यूयॉर्क से हैं। गवर्नर कुओमों ने संक्रमित मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में पूरे प्रांत में संक्रमित मामलों की संख्या 76 पहुंच गई है।
800 के पार जा सकती है संख्या
वायरस पर अपने डेली अपडेट देते हुए गवर्नर ने अपने बयान में कहा, 'न्यू रोशेल में हालत खराब है। जैसा कि हम देख सकते हैं कि संख्या लगातार बढ़ रही है। इस वायरस से एक से दो मामले, दो से चार.. फिर 12 और संख्या 200, और 400 यहां तक की 800 भी छू सकती है। हमें इस पर काबू पाना होगा।' गर्वनर के मुताबिक, इस वायरस की संख्या देखते ही देखते 5 से 11 तक दोगुनी हो गई। गर्वनर ने बताया कि इमरजेंसी की स्थिति राज्य में और ज्यादा कर्मचारियों को नियुक्त करने का मौका प्रदान करते हैं। दरअसल, स्थानीय स्वास्थ्य विभाग लगातार बढ़ रही संख्या से परेशान है।
Updated on:
8 Mar 2020, 3:07 PM IST
Published on:
8 Mar 2020, 9:50 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.