
माइक पॉम्पियो की पाक आर्मी चीफ को खरी-खरी, आतंकी समूहों के खिलाफ करो सख्त कार्रवाई
वाशिंगटन। आतंकवादियों को सुरक्षित पनाहगाह बने पाकिस्तान को अमरीका ने एक बार फिर खरी-खोटी सुनाई है। अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पिओ ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा को फोन पर बात करके आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। अमरीकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने जारी बयान में बताया है कि पॉम्पिओ ने बाजवा से फोन पर साफ कर दिया है कि पाकिस्तान बिना किसी भेदभाव के आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई करे। आपको बता दें कि आतंकवाद पर दोनों देशों के दोस्ताना रिश्तों में कड़वाहट की स्थिति है।
लंबे अरसे बाद पहली बार उच्च स्तरीय बातचीत
अमरीकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नोर्ट ने कहा कि अमरीका-पाकिस्तान द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों, अफगानिस्तान में राजनीतिक सुलह पर बल और बिना किसी भेदभाव के दक्षिण एशिया में सभी आतंकवादियों और आतंकवादी समूहों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर लंबी और सार्थक बातचीत हुई है। इससे पहले दोनों देशों ने अपने देशों के दूतावासों में काम कर रहे एक-दूसरे के राजनयिकों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया था। मई के बाद से यह पहली बार है कि अमरीकी और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच उच्च स्तरीय बातचीत हुई है। आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव चल रहा है।
ट्रंप ने लगाया था पनाहगाह मुहैया कराने का आरोप
आपको बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा यह आरोप लगाने के बाद कि पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया करा रहा है, अमरीका ने पाकिस्तान को दी जाने वाली 2 अरब डॉलर की सहायता राशि रोक दी थी। अमरीका ने पाकिस्तान से हक्कानी नेटवर्क और आतंकवादी संगठन तालिबान के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की थी। हालांकि पाकिस्तान ने इन सभी आरोपों को नकार दिया था और कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ युद्ध जारी रखेगा।
Published on:
07 Jun 2018 02:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
