
मुरादाबाद में बांटे गए हेल्थ कार्ड
Cashless Medical Scheme:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का गुरुवार को मुरादाबादके पंचायत भवन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत लाभार्थी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। साथ ही डीबीटी योजना के तहत छात्र-छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के लागू होने से अब शिक्षकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करने के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी। यह योजना प्रदेश सरकार की संवेदनशील, पारदर्शी और शिक्षक हितैषी सोच का प्रमाण है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा लागू डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था ने शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता को नई मजबूती दी है। अब छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पात्र विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। सरकारी विद्यालयों का आधारभूत ढांचा मजबूत किया गया है, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित हुआ है और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र में कई सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से प्रदेश के लगभग 12 लाख से अधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। साथ ही उन्होंने सभी शिक्षकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देने का आह्वान किया।
जनपद मुरादाबाद में इस योजना के अंतर्गत 5,710 शिक्षक, 1,645 शिक्षामित्र, 207 अनुदेशक तथा 3,474 रसोइयों को लाभान्वित किए जाने के लिए चयनित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक 3,215 आवेदन पत्र शासन को अग्रसारित किए जा चुके हैं। वहीं डीबीटी योजना के अंतर्गत 1,42,903 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 1,28,909 विद्यार्थियों को लाभ प्रदान किया जा चुका है, जबकि शेष पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया जारी है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के दस-दस शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा दर्जनभर छात्र-छात्राओं को डीबीटी योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए। उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर जनपद की सदर, कांठ, बिलारी और ठाकुरद्वारा तहसीलों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी स्थानों पर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को इसके लाभों से अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल माना जा रहा है। इस योजना के माध्यम से शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके इलाज पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करने का प्रयास किया गया है। वहीं डीबीटी व्यवस्था के जरिए विद्यार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने की दिशा में भी सरकार लगातार प्रयासरत है। मुरादाबाद में आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Updated on:
09 Jul 2026 02:29 pm
Published on:
09 Jul 2026 02:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
