2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरादाबाद में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, ग्राम प्रधान को कॉल कर बोला- लाश के पास बैठा हूं, जानें क्या है पूरा मामला

Moradabad Crime: मुरादाबाद में एक ट्रक ड्राइवर ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद ग्राम प्रधान को फोन कर घटना की जानकारी दी। आरोपी ने पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाया, जबकि मायके पक्ष ने इन आरोपों को गलत बताया।
4 min read
Google source verification
moradabad truck driver kills wife after domestic dispute

मुरादाबाद में पत्नी की गला घोंटकर हत्या (Image - Pexels)

Truck Driver Kills Wife: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के शिमलाठेर गांव में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। आरोप है कि एक ट्रक ड्राइवर ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी करीब एक घंटे तक पत्नी के शव के पास बैठा रहा और फिर गांव के ग्राम प्रधान को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

ग्राम प्रधान को फोन कर हत्या की दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी महेश ने गांव के प्रधान मोहम्मद वारिस को फोन किया। उसने कहा कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है और वह शव के पास बैठा हुआ है। उसने पत्नी के चरित्र पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके दूसरे व्यक्ति से संबंध थे और कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने बिना देर किए दूसरे मोबाइल से पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम रात में ही गांव पहुंच गई।

15 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक, शिमलाठेर गांव निवासी महेश (40) पेशे से ट्रक ड्राइवर है और एक नेटवर्क कंपनी से भी जुड़ा हुआ है। उसकी शादी लगभग 15 वर्ष पहले अमरोहा जिले के हसनगंज निवासी राजवती (35) से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें 12 वर्षीय विष्णु, 8 वर्षीय ललित और 6 वर्षीय कनक शामिल हैं। महेश काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता था, जबकि उसका भाई अपने परिवार के साथ अलग रहता है।

शराब पीकर घर लौटा

पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार रात करीब आठ बजे महेश शराब पीकर घर लौटा था। घर पहुंचने के कुछ देर बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि महेश पत्नी को कमरे के अंदर ले गया, जहां दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। बाद में मामला शांत हो गया और रात करीब नौ बजे परिवार ने खाना खाया। इसके बाद पति-पत्नी अलग-अलग बिस्तरों पर सो गए।

रात में की हत्या

पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे महेश अपने बिस्तर से उठा और पास में सो रही पत्नी का गला दबा दिया। दम घुटने से राजवती की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी कुछ समय तक शव के पास बैठा रहा और फिर ग्राम प्रधान को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

बच्चों के बयान से जांच में जुड़े नए पहलू

पुलिस ने दंपति के तीनों बच्चों से भी बातचीत की। बच्चों ने बताया कि उनके माता-पिता पिछले पांच से छह वर्षों से एक निजी कंपनी से जुड़े हुए थे और इसी कंपनी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चलता था। बच्चों के अनुसार, मोहर्रम के दौरान उनकी मां कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ टूर पर गई थीं। उन्हें जानकारी मिली थी कि उस दौरान एक होटल में पुलिस की कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया।

घर आए कंपनी अधिकारी को लेकर भी हुआ था विवाद

बच्चों ने पुलिस को बताया कि करीब छह दिन पहले कंपनी का एक वरिष्ठ अधिकारी उनके घर आया था। उस दौरान उनकी मां ने तीनों बच्चों को घर से बाहर भेज दिया था। बच्चों के अनुसार, अधिकारी काफी देर तक घर के अंदर मौजूद रहा। बाद में जब इस बात की जानकारी उनके पिता को हुई तो पति-पत्नी के बीच विवाद और गहरा गया। पुलिस इन बयानों की भी जांच कर रही है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

मायके पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

घटना की जानकारी मिलने के बाद राजवती के मायके से परिजन गांव पहुंचे। मृतका की भाभी अंजलि ने कहा कि उन्हें पहले कभी पति-पत्नी के बीच किसी गंभीर विवाद की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि न तो महेश ने पहले कभी राजवती के बारे में कोई शिकायत की और न ही राजवती ने अपने साथ किसी तरह की परेशानी की बात बताई थी। उनके अनुसार, हत्या के बाद लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह गलत हैं और उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बताया कि आरोपी महेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

मुरादाबाद

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग