24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुरादाबाद में सत्यापन करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला, महिला समेत कई लोगों ने की मारपीट; मुकदमा दर्ज

Moradabad News: मुरादाबाद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र के सिरस खेड़ा गांव में आबकारी एक्ट के तहत सत्यापन करने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
2 min read
Google source verification
moradabad police assaulted during excise verification case

मुरादाबाद में पुलिसकर्मियों पर हमला (Image- Video Grab)

Police Assaulted Moradabad:यूपी के मुरादाबाद जिले के मुंडापांडे थाना क्षेत्र के सिरस खेड़ा गांव में मंगलवार शाम उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आबकारी एक्ट के तहत सत्यापन की कार्रवाई करने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

जांच के लिए पहुंची थी पुलिस

मिली जानकारी के अनुसार, सिपाही अर्जुन खत्री और राजकुमार मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे सिरस खेड़ा गांव में रहने वाले राधेलाल का सत्यापन करने पहुंचे थे। राधेलाल पहले आबकारी एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। इसी वजह से उसकी गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की जांच के लिए दोनों पुलिसकर्मी गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे, वहां मौजूद परिजनों और अन्य लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

धक्का-मुक्की का आरोप

आरोप है कि राधेलाल के परिवार के सदस्यों और कुछ अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए मारपीट की। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस अधिकारियों ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू कर दी।

चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि सिपाही अर्जुन खत्री की तहरीर के आधार पर राधेलाल की पत्नी जयवती, नितिन, अब्दुल वाजिद और राधेलाल को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा घटना में शामिल 4 से 5 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वायरल वीडियो के आधार पर भी जुटाए जा रहे साक्ष्य

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की भी जांच की जा रही है। वीडियो के जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी के साथ ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार या हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।