अमरोहा. यदि आप भी शादी के लिए दुल्हन की तलाश कर रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं और अनजान लोगों के फेर में तो बिलकुल न फंसे, क्योंकि ऐसे रिश्ते आपको मुसीबत में भी डाल सकते हैं। दरअसल, बॉलीवुड फिल्म ‘डॉली की डोली’ की तर्ज पर ही एक युवक का रिश्ता कोटद्वार की एक लड़की से हुआ था। 12 अक्टूबर को मंदिर में दोनों शादी के बंधन में बंधे। इसके बाद दूल्हा हंसी-खुशी दुल्हन को घर ले आया, लेकिन सुहागरात के दौरान दुल्हन ने कुछ ऐसा किया कि पति बेहोश हो गया और वह घर में रखी नगदी व आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गई। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो दूल्हा कमरे में बेहोश था। वहीं उसकी पत्नी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज करते हुए शादी कराने वाले एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।